Raipur Forced Conversion Case: छत्तीसगढ़ की राजधानी में प्रेम विवाह के बाद एक महिला को प्रताड़ित करने और जबरन धर्म बदलने का दबाव बनाने का गंभीर मामला सामने आया है। पीड़िता की शिकायत पर तेलीबांधा पुलिस ने नए धर्म कानून के तहत कार्रवाई करते हुए पति और सास-ससुर समेत तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया है।
सोशल मीडिया से शुरू हुई थी बात, आर्य समाज में हुआ था विवाह
सतनामी पारा निवासी 26 वर्षीय तन्नू पटेल ने पुलिस को दी अपनी शिकायत में बताया कि उनकी पहचान इंटरनेट मीडिया (सोशल मीडिया) के जरिए विनीत सुता नाम के युवक से हुई थी। धीरे-धीरे बातचीत बढ़ी और दोनों ने वर्ष 2023 में हिंदू रीति-रिवाज के साथ आर्य समाज मंदिर में विवाह कर लिया। तन्नू के अनुसार, शादी के वक्त ससुराल वालों ने भरोसा दिलाया था कि उन्हें अपने हिंदू धर्म का पालन करने से कोई ऐतराज नहीं होगा।
बेटी के जन्म के बाद बढ़ा अत्याचार
पीड़िता का आरोप है कि शुरुआत में सब कुछ ठीक चला, लेकिन कुछ समय बाद ही पति विनीत, सास विनीता सुता और ससुर अजय सुता उन पर धर्म बदलने के लिए दबाव बनाने लगे। करीब दो महीने पहले जब उन्होंने एक बेटी को जन्म दिया, तो ससुराल वालों की प्रताड़ना और बढ़ गई। तन्नू ने बताया कि उनके साथ कई बार मारपीट की गई। जब उनका उत्पीड़न बर्दाश्त से बाहर हो गया, तो उन्होंने पूरे घटनाक्रम की जानकारी अपने भाई-बहन को दी।
बजरंग दल के हस्तक्षेप के बाद दर्ज हुई FIR
पीड़िता का कहना है कि वे न्याय के लिए तीन दिनों तक थाने के चक्कर लगाती रहीं, लेकिन सुनवाई नहीं हुई। इसके बाद उन्होंने बजरंग दल के सदस्यों से संपर्क किया। संगठन के हस्तक्षेप और पुलिस पर दबाव बनने के बाद तेलीबांधा थाना पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ नामजद मामला दर्ज कर उन्हें हिरासत में ले लिया।जांच के बाद स्पष्ट होगी स्थिति
इस पूरे मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए डायसिस ऑफ छत्तीसगढ़ के सचिव नितिन लारेंस ने कहा, "हमें मीडिया के जरिए इस घटना की जानकारी मिली है। यदि यह आरोप सही हैं, तो यह पूरी तरह गलत है। प्रदेश में नया धर्म कानून लागू हो चुका है और यदि कोई धर्म परिवर्तन करना चाहता है, तो उसे संविधान और कानून की तय प्रक्रिया का पालन करना चाहिए। हम समाज के लोगों से अपील करते हैं कि किसी पर दबाव न बनाएं, इससे माहौल बिगड़ता है।" नितिन लारेंस ने यह भी कहा कि शुरुआती तौर पर यह पति-पत्नी के बीच का आपसी विवाद लगता है, जिसे धार्मिक मोड़ दिया जा रहा है। फिलहाल पुलिस मामले की पड़ताल कर रही है और जांच के बाद ही सच्चाई सामने आ पाएगी।

