Raipur Murder News: राजधानी में अपराध का ग्राफ एक बार फिर डराने लगा है। न्यू राजेंद्र नगर थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले अमलीडीह इलाके में स्वर्ण जयंती चौक के पास शनिवार देर रात एक दर्दनाक वारदात सामने आई। यहाँ महज 18 साल के एक युवक गौरव सेन की बेरहमी से चाकू मारकर हत्या कर दी गई। इस सनसनीखेज घटना के बाद से पूरे इलाके में हड़कंप मचा हुआ है और स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है।
रात 10 से 10:30 बजे के बीच की घटना
पुलिस से मिली शुरुआती जानकारी के मुताबिक, यह पूरी घटना शनिवार रात करीब 10 से 10:30 बजे के बीच की है। महात्मा गांधी नगर का रहने वाला गौरव किसी काम से अमलीडीह की तरफ गया था। इसी दौरान अज्ञात हमलावरों ने उस पर ताबड़तोड़ चाकू से हमला कर दिया। इस हमले में गौरव को गंभीर चोटें आईं और अत्यधिक खून बह जाने के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई। रात के वक्त हुई इस वारदात से आसपास के लोग सन्न रह गए।
डांस को लेकर विवाद की चर्चा, पुलिस कर रही है तस्दीक
आखिर यह खूनी संघर्ष क्यों हुआ और इसके पीछे की असली वजह क्या थी, इसे लेकर फिलहाल पुलिस के पास भी पुख्ता विवरण नहीं है। हालांकि, घटनास्थल पर चर्चाओं का बाजार गर्म है। स्थानीय लोगों के बीच दबी जुबान से यह बात कही जा रही है कि माता की प्रतिमा आने के बाद नाचने को लेकर किसी बात पर विवाद हुआ था, जो देखते ही देखते इतना बढ़ गया कि हत्या जैसी वारदात को अंजाम दे दिया गया। हालांकि, पुलिस ने अभी तक इस एंगल की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। उनका कहना है कि हर एक पहलू और चश्मदीदों के बयानों की गहराई से जाँच की जा रही है।थाना प्रभारी ने की पुष्टि, आरोपी की तलाश में जुटी टीमें
न्यू राजेंद्र नगर थाना प्रभारी अजहरुद्दीन ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि महात्मा गांधी नगर निवासी 18 वर्षीय गौरव सेन की हत्या के मामले में केस दर्ज कर लिया गया है। वारदात को अंजाम देने वाला आरोपी फिलहाल पुलिस की पकड़ से बाहर है, लेकिन उसकी तलाश तेजी से जारी है। पुलिस की कई टीमें घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही हैं। साथ ही, स्थानीय लोगों और प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ की जा रही है ताकि यह पता चल सके कि वारदात के वक्त गौरव के साथ कौन-कौन मौजूद था और किन परिस्थितियों में उस पर यह जानलेवा हमला हुआ। पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर पूरे मामले का पर्दाफाश कर दिया जाएगा।






