Red Cross Training Camp: बिरकोनी स्थित चंडी मंदिर परिसर में 27 से 29 अक्टूबर 2026 तक आयोजित रेडक्रॉस जिला स्तरीय जूनियर प्रशिक्षण शिविर में शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय देवरी के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। तीन दिवसीय शिविर में विद्यार्थियों को प्राथमिक उपचार, आपदा प्रबंधन और स्वच्छता से संबंधित प्रशिक्षण दिया गया।
विद्यालय के प्राचार्य डोमन सिंह टंडन के मार्गदर्शन में रेडक्रॉस जूनियर्स ऐश्वर्या साहू, धनेश्वरी सेन, यामिनी यादव, सुष्मिता पटेल, खेमा दीवान, रीना पटेल, कुसुम निषाद और भारती दीवान शिविर में शामिल हुए। प्रशिक्षण के दौरान उन्होंने आपातकालीन परिस्थितियों में प्राथमिक उपचार देने और आपदा के समय जरूरी सावधानियां बरतने के बारे में जानकारी प्राप्त की।
बागबाहरा विद्यालयों के विद्यार्थी भी हुए शामिल
शिविर में बागबाहरा विकासखंड के रेडक्रॉस सचिव एवं व्याख्याता परस राम सिन्हा के नेतृत्व में विभिन्न विद्यालयों के जूनियर्स ने हिस्सा लिया। इस दौरान देवरी विद्यालय की छात्राएं ऐश्वर्या साहू और भारती दीवान ने आकर्षक नृत्य प्रस्तुत कर कार्यक्रम में सांस्कृतिक रंग भी भरा।
प्रमाण पत्र देकर विद्यार्थियों का बढ़ाया उत्साह
शिविर में प्रशिक्षण पूरा करने वाले विद्यार्थियों को प्राप्त प्रमाण पत्र विद्यालय में वितरित किए गए। प्राचार्य डोमन सिंह टंडन ने प्रमाण पत्र प्रदान करते हुए सभी विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने विद्यार्थियों को प्रशिक्षण से मिली जानकारियों का उपयोग जरूरत के समय करने और समाज सेवा के कार्यों में आगे आने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर विद्यालय के व्याख्याता नेशलाल धृतलहरे, नीलू सोनी, संजय बारसागड़े, आनंद राम व्योहार, भोज राम ध्रुव, रवि प्रकाश पात्रे, सहायक शिक्षक देवानन्द चंद्राकर, उद्देश्याम यादव, मौसमी चंद्राकर, व्यावसायिक शिक्षक पुष्कर वर्मा, कार्यालयीन कर्मचारी रईस मिर्जा और कार्तिक यादव सहित समस्त छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।







