Sakti School News: ग्राम मिरौनी स्थित सरकारी स्कूल में पदस्थ एक शिक्षक पर पांचवीं कक्षा की छात्रा से अनुचित व्यवहार करने का आरोप लगा है। मामले को लेकर छात्रा के परिजनों ने कलेक्टर और जिला शिक्षा अधिकारी (DEO) को लिखित शिकायत देकर जांच और कार्रवाई की मांग की है।
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि शिक्षक कैलाश पटेल कॉपी जांचने के दौरान छात्रा को गलत तरीके से छूते थे। इसके अलावा स्कूल में पदस्थ महिला स्वीपर के साथ शिक्षक के व्यवहार को लेकर भी ग्रामीणों ने सवाल उठाए हैं। हालांकि, लगाए गए आरोपों की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। शिक्षा विभाग ने मामले की जांच कराने की बात कही है।
स्कूल समय में मोबाइल चलाने का भी आरोप
ग्रामीणों का आरोप है कि शिक्षक कैलाश पटेल स्कूल में बच्चों की पढ़ाई पर पर्याप्त ध्यान नहीं देते और कई बार स्कूल के समय मोबाइल फोन में व्यस्त रहते हैं। उनका कहना है कि शिक्षक के इस रवैये से बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। शिकायतकर्ताओं ने स्कूल में अनुशासन और शैक्षणिक व्यवस्था को लेकर भी चिंता जताई है। ग्रामीणों की मांग है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर वास्तविक स्थिति सामने लाई जाए।
छात्रा ने लगाए गंभीर आरोप
पांचवीं कक्षा की छात्रा ने शिकायत में बताया कि जब बच्चे शिक्षक से पढ़ाने के लिए कहते हैं तो उन्हें डांट दिया जाता है। छात्रा ने शिक्षक पर कई बार गलत तरीके से छूने का आरोप लगाया है। वहीं, अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच पूरी होने के बाद ही आरोपों की सच्चाई स्पष्ट हो सकेगी। स्कूल में कार्यरत रसोइया चंद्राबाई चौहान ने भी शिक्षक पर बच्चों की पढ़ाई में रुचि नहीं लेने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि बच्चे कई बार शिक्षक से पढ़ाने की बात कहते हैं, लेकिन उन्हें फटकार मिलती है। उन्होंने यह भी बताया कि शिक्षक और स्कूल की महिला स्वीपर के साथ रहने को लेकर बच्चों ने अपनी बातें साझा की थीं।डोमनपुर स्कूल में भी शिकायत का दावा
ग्रामीणों ने अपनी शिकायत में दावा किया है कि शिक्षक कैलाश पटेल इससे पहले शासकीय प्राथमिक शाला डोमनपुर में पदस्थ थे। वहां भी उनके व्यवहार को लेकर शिकायतें सामने आई थीं, जिसके बाद उनका स्थानांतरण किया गया था। ग्रामीणों ने मांग की है कि यदि जांच में आरोप सही पाए जाते हैं तो शिक्षक के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाए। सक्ती जिला शिक्षा अधिकारी कुमुदिनी द्विवेदी ने बताया कि बच्चों से अभद्र व्यवहार की शिकायत प्राप्त हुई है। मामले की जांच कराई जाएगी। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

