Shahdol Hospital News: सरकारी अस्पतालों में मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं देने के दावों के बीच शहडोल जिले में स्वास्थ्य व्यवस्था की एक अलग तस्वीर सामने आई है। जिले के धनपुरी और बुढ़ार सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में लगी हाईटेक एक्स-रे मशीनें बंद पड़ी हैं। मशीनों के खराब होने से मरीजों को सरकारी सुविधा का लाभ नहीं मिल पा रहा है और उन्हें मजबूरी में निजी सेंटरों का रुख करना पड़ रहा है।
मरीजों को नहीं मिल रही सुविधा
धनपुरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में लगी हाईटेक एक्स-रे मशीन बारिश के पानी की वजह से प्रभावित हुई है। बताया जा रहा है कि लगातार बारिश के दौरान अस्पताल भवन की छत से पानी एक्स-रे कक्ष में गिरता रहा। मशीन को बचाने के लिए उसे ढकने का प्रयास किया गया, लेकिन पानी के संपर्क में आने से मशीन बंद हो गई। वहीं बुढ़ार सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की एक्स-रे मशीन तकनीकी खराबी के कारण काम नहीं कर रही है। दोनों अस्पतालों में एक्स-रे सुविधा बंद होने से मरीजों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
मरीजों को सबसे ज्यादा परेशानी
एक्स-रे सुविधा बंद होने का सबसे ज्यादा असर उन मरीजों पर पड़ रहा है, जिन्हें चोट या फ्रैक्चर के बाद जांच की जरूरत होती है। ग्रामीण क्षेत्रों से आने वाले मरीजों को पहले सरकारी अस्पताल पहुंचना पड़ता है, लेकिन वहां मशीन बंद मिलने के बाद उन्हें निजी जांच केंद्रों पर जाना पड़ रहा है। इससे मरीजों पर अतिरिक्त खर्च का बोझ बढ़ रहा है।
जल्द शुरू होगी एक्स-रे सुविधा: बीएमओ
इस मामले में बुढ़ार बीएमओ डॉ. सचिन कारखुर ने बताया कि बुढ़ार की एक्स-रे मशीन में तकनीकी खराबी आई है, जिसे जल्द ठीक कराकर शुरू किया जाएगा। उन्होंने बताया कि धनपुरी की एक्स-रे मशीन बारिश के पानी में भीगने के कारण बंद हुई थी। उसे भी जल्द चालू करने की प्रक्रिया चल रही है। फिलहाल मरीजों को इंतजार है कि सरकारी अस्पतालों में लगी ये हाईटेक मशीनें जल्द शुरू हों, ताकि उन्हें जांच के लिए निजी सेंटरों पर निर्भर न रहना पड़े।

