Startup Idea: देश में तेजी से बढ़ते साेलर पैनल के इस्तेमाल के बीच उसकी नियमित सफाई भी एक नए कारोबार के रूप में उभर रही है, घरों से लेकर दुकानों, स्कूलों, अस्पताओं और बड़े संस्थानों तक सोलर पैनल लगाए जा रहे है। धूल-मिट्टी और गंदगी के कारण इन पैनलों की कार्यक्षमता प्रभावित हो सकती है। ऐसे में सोलर पैनल क्लीनिंग सर्विस कम निवेश में शुरू किया जा सकने वाला एक अच्छा सर्विस बिजनेस बन सकता है।
कितना आएगा शुरुआती निवेश
इस बिजनेस को लगभग ₹10,000 से ₹35,000 के शुरुआती निवेश में छोटे स्तर पर शुरू किया जा सकता है। इसमें क्लीनिंग ब्रश, माइक्रोफाइबर कपड़े, पानी का स्प्रे उपकरण, पाइप, टेलीस्कोपिक पोल और सुरक्षा उपकरण शामिल हो सकते हैं। शुरुआत में खुद ही सर्विस देकर कर्मचारियों का खर्च बचाया जा सकता है। ग्राहक बढ़ने पर अतिरिक्त कर्मचारी और बेहतर उपकरण भी खरीदे जा सकते हैं।
कैसे होगी कमाई
इस बिजनेस में कमाई ग्राहकों की संख्या, सोलर पैनल की क्षमता, सफाई के क्षेत्रफल और सर्विस की कीमत पर निर्भर करेगी। घरों के अलावा दुकानों, स्कूलों, अस्पतालों, मैरिज गार्डन और फैक्ट्रियों को भी ग्राहक बनाया जा सकता है। एक बार ग्राहक बनने के बाद उन्हें मासिक या त्रैमासिक क्लीनिंग पैकेज दिया जा सकता है। इससे नियमित आमदनी का रास्ता बन सकता है। हालांकि, कमाई की कोई निश्चित गारंटी नहीं है।
कहां से मिलेंगे ग्राहक
- सोलर पैनल लगवाने वाले घरेलू उपभोक्ता।
- दुकानें और व्यावसायिक प्रतिष्ठान।
- स्कूल, कॉलेज और अस्पताल।
- फैक्ट्रियां और गोदाम।
सोलर इंस्टॉलेशन करने वाली कंपनियां।
स्थानीय सोलर पैनल इंस्टॉलेशन कंपनियों से संपर्क करके उनके ग्राहकों को क्लीनिंग सर्विस देने की साझेदारी भी की जा सकती है।
मार्केटिंग कैसे करें
शुरुआत में अपने आसपास के इलाकों में पंपलेट, पोस्टर और WhatsApp के जरिए प्रचार किया जा सकता है। सफाई से पहले और बाद की तस्वीरें दिखाकर ग्राहकों का भरोसा जीता जा सकता है। Google Business Profile पर अपने कारोबार की जानकारी दर्ज करना भी उपयोगी हो सकता है।
किन बातों का रखें ध्यान
सोलर पैनल की सफाई के दौरान निर्माता की गाइडलाइन का पालन करना जरूरी है। तेज केमिकल, खुरदरे ब्रश और अनुचित दबाव से पैनल को नुकसान पहुंच सकता है। छत पर काम करते समय सुरक्षा बेल्ट और अन्य जरूरी सुरक्षा उपकरणों का इस्तेमाल करें। बिजली के कनेक्शन और गीले उपकरणों को लेकर भी विशेष सावधानी बरतें।












