EPFO Investment Plan: कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) अपनी निवेश रणनीति में बड़ा बदलाव करने पर विचार कर रहा है। अब तक पीएफ का पैसा मुख्य रूप से सरकारी सिक्योरिटीज, बॉन्ड और शेयर बाजार से जुड़े विकल्पों में निवेश किया जाता रहा है। लेकिन नए प्रस्ताव के तहत EPFO स्टार्टअप और इंफ्रास्ट्रक्चर सेक्टर में भी निवेश कर सकता है। इसके लिए Alternative Investment Funds (AIF) का सहारा लेने की तैयारी है। प्रस्ताव में हर वित्त वर्ष मिलने वाले नए योगदान का अधिकतम 3% हिस्सा AIF में लगाने की बात कही गई है। हालांकि, अभी इस प्रस्ताव को अंतिम मंजूरी नहीं मिली है।
19 नवंबर की बैठक में हो सकता है प्रस्ताव पर विचार
EPFO के इस प्रस्ताव पर 19 नवंबर को सेंट्रल बोर्ड ऑफ ट्रस्टीज (CBT) की बैठक में चर्चा होनी है। यदि बोर्ड से मंजूरी मिलती है तो करीब 30 लाख करोड़ रुपए के पीएफ फंड के निवेश विकल्पों का दायरा बढ़ सकता है। इस योजना के तहत पैसा नेशनल इन्वेस्टमेंट एंड इंफ्रास्ट्रक्चर फंड (NIIF) और SIDBI की Startup India Fund of Funds 2.0 योजना के माध्यम से निवेश करने पर विचार किया जा रहा है। यहां यह स्पष्ट करना जरूरी है कि कर्मचारियों के पीएफ खातों से सीधे पैसा निकालकर स्टार्टअप में नहीं लगाया जाएगा, बल्कि EPFO को मिलने वाले नए योगदान के एक हिस्से के निवेश का प्रस्ताव है।
हर साल कितनी रकम AIF में लगा सकता है EPFO
प्रस्ताव के मुताबिक, EPFO प्रत्येक वित्त वर्ष में मिलने वाले नए योगदान का अधिकतम 3% हिस्सा AIF में निवेश कर सकेगा। यह सीमा संगठन के कुल 30 लाख करोड़ रुपए के फंड पर लागू नहीं होगी, बल्कि हर साल मिलने वाली नई रकम के आधार पर तय होगी। वित्त वर्ष 2024-25 में EPFO को करीब 3.36 लाख करोड़ रुपए का कुल योगदान मिला था। इस आंकड़े को आधार मानें तो 3% की राशि लगभग 10,080 करोड़ रुपए होती है।क्या होता है AIF और इसमें कैसे होता है निवेश
AIF यानी Alternative Investment Fund ऐसे निवेश फंड होते हैं, जिनके जरिए पारंपरिक निवेश विकल्पों से अलग क्षेत्रों में पैसा लगाया जाता है। इनमें स्टार्टअप कंपनियां, इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट और निजी कंपनियां शामिल हो सकती हैं। भारतीय प्रतिभूति एवं विनिमय बोर्ड (SEBI) के नियमों के तहत AIF एक निजी निवेश व्यवस्था है, जिसमें घरेलू और विदेशी निवेशकों से पूंजी जुटाई जाती है।












