छत्तीसगढ़ खेल संचालनालय ने राज्य खेल अलंकरण 2025-26 के लिए अंतरिम सूची जारी कर दी है। इसमें खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और निर्णायकों समेत कुल 55 लोगों का चयन विभिन्न खेल सम्मानों के लिए किया गया है। इस बार चयन प्रक्रिया में एक अहम बदलाव किया गया है। पहली बार अंतरिम सूची में पात्र खिलाड़ियों के प्राप्त अंकों का भी उल्लेख किया गया है। इससे खिलाड़ी अपने प्रदर्शन के आधार पर मिले अंकों की जानकारी ले सकेंगे और चयन प्रक्रिया में पारदर्शिता बढ़ेगी। राज्य खेल अलंकरण के तहत शहीद पंकज विक्रम सम्मान, शहीद विनोद चौबे सम्मान, शहीद राजीव पांडेय पुरस्कार सहित विभिन्न खेल सम्मान दिए जाएंगे। अंतरिम सूची जारी होने के बाद अब खिलाड़ियों को दावा-आपत्ति दर्ज कराने का अवसर दिया गया है।
23 अगस्त तक दर्ज करा सकेंगे दावा-आपत्ति
खेल संचालनालय के अनुसार अंतरिम सूची को लेकर खिलाड़ी 23 अगस्त 2026 तक अपना दावा या आपत्ति दर्ज करा सकते हैं। इसके लिए खेल एवं युवा कल्याण विभाग की वेबसाइट के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। संचालनालय ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित तिथि और समय के बाद प्राप्त होने वाले आवेदनों पर विचार नहीं किया जाएगा। ऐसे में जिन खिलाड़ियों को अपने नाम, अंकों या चयन को लेकर किसी तरह की आपत्ति है, उन्हें तय समय सीमा के भीतर आवेदन करना होगा। इस साल जारी अंतरिम सूची की सबसे खास बात खिलाड़ियों के नाम के साथ उनके प्राप्त अंकों को सार्वजनिक करना है।
29 अगस्त को प्रस्तावित है सम्मान समारोह
दावा-आपत्तियों के निराकरण के बाद राज्य खेल अलंकरण की अंतिम सूची जारी की जाएगी। इसके बाद चयनित खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और निर्णायकों को सम्मानित किया जाएगा। राज्य खेल अलंकरण समारोह का आयोजन राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर 29 अगस्त 2026 को प्रस्तावित है।पहली बार सूची में खिलाड़ियों के अंक भी शामिल
इससे चयन प्रक्रिया को लेकर खिलाड़ियों को अधिक स्पष्ट जानकारी मिल सकेगी। उदाहरण के तौर पर शहीद राजीव पांडेय पुरस्कार की सूची में बिलासपुर के विकास कुमार को आर्चरी में 47 अंक, बालोद की किरण पिस्ता को फुटबॉल में 37 अंक और रायपुर की दीपांशी नेताम को फेंसिंग में 7 अंक मिले हैं। अंतरिम सूची में ओलंपिक खेलों के साथ-साथ नॉन-ओलंपिक और पैरा खेलों के खिलाड़ियों को भी शामिल किया गया है। कबड्डी, सॉफ्ट टेनिस, नेटबॉल और पैरा एथलेटिक्स जैसे खेलों के खिलाड़ियों के नाम भी सूची में दर्ज हैं।