Team India 2027 Tour: भारतीय क्रिकेट टीम के वेस्टइंडीज दौरे को लेकर एक दिलचस्प खबर सामने आई है। जुलाई 2027 में होने वाली इस सीरीज के कुछ मुकाबले कैरेबियाई देशों के बजाय अमेरिका या कनाडा में खेले जा सकते हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, भारत और वेस्टइंडीज के बीच इस दौरे पर टेस्ट, वनडे और टी20 इंटरनेशनल सीरीज प्रस्तावित है। इसमें 2 टेस्ट, 3 वनडे और 5 टी20 मुकाबले शामिल हो सकते हैं।
खास बात यह है कि पांच मैचों की टी20 सीरीज के दो मुकाबले उत्तरी अमेरिका में आयोजित करने की योजना पर विचार किया जा रहा है। यदि ऐसा होता है तो अमेरिका या कनाडा में भारतीय टीम को खेलते देखने का मौका वहां रहने वाले क्रिकेट प्रेमियों को मिलेगा।
जुलाई 2027 में प्रस्तावित है भारत का वेस्टइंडीज दौरा
ईएसपीएनक्रिकइंफो की रिपोर्ट के अनुसार, अगले फ्यूचर टूर्स प्रोग्राम (FTP) चक्र की शुरुआत में वेस्टइंडीज जुलाई 2027 में भारतीय टीम की मेजबानी करेगा। इस दौरे के तहत टी20 सीरीज के दो मुकाबले उत्तरी अमेरिका के एक ही शहर में कराए जाने की योजना है। इन मैचों के आयोजन के लिए वॉशिंगटन डीसी और कनाडा के टोरंटो को प्रमुख दावेदार माना जा रहा है। इनके अलावा लॉस एंजिल्स के पोमोना और फ्लोरिडा के लॉडरहिल में भी मैच कराने की संभावनाओं पर विचार किया जा रहा है। लॉडरहिल पहले भी वेस्टइंडीज के कई अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों की मेजबानी कर चुका है। वहीं, लॉस एंजिल्स का पोमोना क्रिकेट के लिहाज से खास महत्व रखता है, क्योंकि 2028 ओलंपिक खेलों के दौरान यहां क्रिकेट मुकाबले आयोजित किए जाने हैं।
अमेरिका और कनाडा में क्रिकेट का विस्तार करना चाहता है बोर्ड
क्रिकेट वेस्टइंडीज उत्तरी अमेरिका में क्रिकेट की लोकप्रियता बढ़ाने के लिए लगातार प्रयास कर रहा है। बोर्ड के चेयरमैन किशोर शैलो ने भी अमेरिका और कनाडा को क्रिकेट के विस्तार के लिहाज से महत्वपूर्ण बाजार बताया है। उनका मानना है कि इन देशों में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के आयोजन से खेल को नई पहचान मिल सकती है। अमेरिका में टी20 विश्व कप के आयोजन और 2028 ओलंपिक में क्रिकेट की वापसी से इस दिशा में पहले ही संभावनाएं बढ़ी हैं। ऐसे में भारतीय टीम जैसी लोकप्रिय टीम के मुकाबले आयोजित करना क्रिकेट के व्यावसायिक और दर्शक आधार को मजबूत करने का एक बड़ा अवसर हो सकता है।
भारतीय और कैरेबियाई दर्शकों पर बोर्ड की नजर
अमेरिका और कनाडा में भारतीय मूल के लोगों के साथ कैरेबियाई समुदाय की भी बड़ी आबादी रहती है। क्रिकेट वेस्टइंडीज इसी दर्शक वर्ग को ध्यान में रखते हुए उत्तरी अमेरिका में अंतरराष्ट्रीय मुकाबले आयोजित करने की संभावनाएं तलाश रहा है। इस योजना को मजबूती देने के लिए क्रिकेट से जुड़ा बुनियादी ढांचा भी विकसित किया जा रहा है। मेजर लीग क्रिकेट की फ्रेंचाइजी वॉशिंगटन फ्रीडम ने वॉशिंगटन डीसी से करीब 45 मील उत्तर में फ्रेडरिक शहर में 10 हजार दर्शकों की क्षमता वाला नया स्टेडियम बनाने का काम शुरू किया है। अगर 2027 के भारत दौरे के दौरान अमेरिका या कनाडा में मुकाबले आयोजित होते हैं, तो यह उत्तरी अमेरिका में क्रिकेट के विस्तार की दिशा में एक अहम कदम साबित हो सकता है। हालांकि, मैचों के आयोजन स्थल को लेकर अंतिम फैसला अभी सामने आना बाकी है।












