UP Election: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 की आहट के साथ ही सूबे की सियासत में जातीय समीकरण और पुराने सियासी हिसाब-किताब फिर से खुलने लगे हैं। जनसत्ता दल (लोकतांत्रिक) के अध्यक्ष रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजा भैया ने अपनी पार्टी के तीन उम्मीदवारों की घोषणा कर राजनीतिक गलियारों में सरगर्मी बढ़ा दी है। सबसे ज्यादा चर्चा प्रतापगढ़ की विश्वनाथगंज सीट की हो रही है, जहाँ से कुलदीप पटेल को टिकट देकर राजा भैया ने केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल की पार्टी 'अपना दल (सोनेलाल)' के खिलाफ सीधा मोर्चा खोल दिया है।
तीन सीटों पर दांव, लेकिन निशाने पर विश्वनाथगंज
राजा भैया एक बार फिर अपनी परंपरागत कुंडा सीट से चुनाव लड़ेंगे, जबकि बाबागंज से उन्होंने अपने करीबी विनोद सरोज पर भरोसा जताया है। हालांकि, सियासी जानकारों की निगाहें तीसरे नाम यानी कुलदीप पटेल पर टिकी हैं। विश्वनाथगंज सीट फिलहाल एनडीए की सहयोगी अपना दल (एस) के पास है। चूंकि राजा भैया को भी अक्सर एनडीए के करीब माना जाता है, ऐसे में सहयोगी दल की सीट पर प्रत्याशी उतारना महज पार्टी विस्तार नहीं, बल्कि एक सोची-समझी रणनीति माना जा रहा है।
2024 की अदावत का 'रिटर्न गिफ्ट'?
राजनीतिक विश्लेषकों के मुताबिक, इस फैसले की जड़ें 2024 के लोकसभा चुनाव में छिपी हैं। उस दौरान अनुप्रिया पटेल ने राजा भैया का नाम लिए बिना उन पर तीखा हमला बोला था। अब विश्वनाथगंज में अपना उम्मीदवार उतारकर राजा भैया ने साफ संदेश दे दिया है कि वे उस सियासी तल्खी को भूले नहीं हैं और जवाब देने के लिए सही वक्त का इंतजार कर रहे थे। इसके जरिए उन्होंने यह भी जताने की कोशिश की है कि यूपी की राजनीति में ठाकुर मतदाताओं की अनदेखी नहीं की जा सकती।
मल्हनी से धनंजय सिंह की हुंकार, बढ़ेगी बीजेपी की चिंता
दूसरी तरफ, पूर्वांचल के बाहुबली नेता और पूर्व सांसद धनंजय सिंह ने जौनपुर की मल्हनी सीट से निर्दलीय ताल ठोकने का ऐलान कर दिया है। लोकसभा चुनाव में बीजेपी उम्मीदवार कृपाशंकर सिंह का समर्थन करने वाले धनंजय का अब खुद मैदान में उतरना बीजेपी के लिए मुश्किलें खड़ी कर सकता है। पूर्वांचल की कई सीटों पर धनंजय सिंह का सीधा प्रभाव माना जाता है, जिससे सियासी समीकरणों का बदलना तय है।
कुंडा की कथा से निकला शक्ति प्रदर्शन का संदेश
हाल ही में कुंडा में आयोजित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की कथा के दौरान जिस तरह क्षत्रिय नेताओं का जमावड़ा लगा, उसके सियासी मायने अब सामने आ रहे हैं। इस मंच पर राजा भैया के साथ धनंजय सिंह, बृजेश सिंह, बृजभूषण शरण सिंह, अभय सिंह और राजस्थान से विधायक रविंद्र सिंह भाटी एक साथ नजर आए थे। सियासी हल्कों में इसे ठाकुर बिरादरी के शक्ति प्रदर्शन के रूप में देखा गया और इसके ठीक बाद उम्मीदवारों के ऐलान ने इन अटकलों को और हवा दे दी है।
क्या बदल जाएगा 2027 का चुनावी गणित?
राजा भैया की आक्रामक रणनीति और धनंजय सिंह की निर्दलीय दावेदारी ने आने वाले चुनावों से पहले नया मोड़ ला दिया है। यदि प्रदेश में ठाकुर वोटों का नया ध्रुवीकरण होता है, तो इसका सीधा असर बीजेपी के कोर वोट बैंक के साथ-साथ ब्राह्मण और ओबीसी समीकरणों पर भी पड़ेगा। अब देखना यह दिलचस्प होगा कि धार्मिक मंच पर एक साथ दिखने वाले ये दिग्गज चुनावी मैदान में एक-दूसरे के लिए कितनी ताकत झोंकते हैं।












