जिले के बैजलपुर चौकी क्षेत्र अंतर्गत ग्राम कामाड़बरी में एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। यहां रहने वाले रामकुमार विश्वकर्मा की 33KV हाईवोल्टेज बिजली तार की चपेट में आने से मौत हो गई। घटना कोकदावीरान-सिंघारी से पंडातराई जाने वाली सड़क के पास की बताई जा रही है। हादसे की जानकारी मिलते ही आसपास मौजूद लोग घटनास्थल पर पहुंचे, लेकिन तब तक रामकुमार की मौत हो चुकी थी। इस घटना के बाद मृतक के परिवार सहित पूरे गांव में शोक का माहौल है।
पेड़ पर चढ़कर उसकी डाली काट रहे थे
प्राप्त जानकारी के अनुसार, रामकुमार विश्वकर्मा पेड़ पर चढ़कर उसकी डाली काट रहे थे। पेड़ के पास से 33KV क्षमता वाली हाईवोल्टेज बिजली लाइन गुजर रही थी। इसी दौरान काटी गई डाली का एक हिस्सा अचानक बिजली तार पर जा गिरा। तार के संपर्क में आते ही डाली और पेड़ में करंट फैल गया, जिसकी चपेट में रामकुमार भी आ गए। तेज करंट लगने के कारण उन्हें संभलने या पेड़ से सुरक्षित नीचे उतरने का अवसर नहीं मिला और घट नास्थल पर ही उनकी जान चली गई।
परिवार के एकमात्र कमाने वाले सदस्य
रामकुमार विश्वकर्मा अपने परिवार के एकमात्र कमाने वाले सदस्य बताए जा रहे हैं। उनके परिवार में तीन छोटी बेटियां हैं, जिनके पालन-पोषण और भविष्य की जिम्मेदारी उन्हीं के कंधों पर थी। अचानक हुई उनकी मौत से परिवार के सामने गंभीर आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। एक तरफ परिजन रामकुमार को खोने के गहरे सदमे में हैं, वहीं दूसरी तरफ बच्चों के भरण-पोषण, शिक्षा और रोजमर्रा की आवश्यकताओं को पूरा करने की चिंता भी बढ़ गई है।प्रशासन ने परिवार को आर्थिक सहायता की मांग
हादसे के बाद मृतक के परिजनों और ग्रामीणों ने बिजली विभाग एवं प्रशासन से पीड़ित परिवार को उचित आर्थिक सहायता देने की मांग की है। परिजनों का कहना है कि रामकुमार के निधन के बाद परिवार के पास आय का कोई नियमित साधन नहीं बचा है। उनकी तीनों बेटियां अभी छोटी हैं और पूरी तरह परिवार पर निर्भर हैं। ऐसे में प्रशासन को संवेदनशीलता दिखाते हुए परिवार को तत्काल मुआवजा और अन्य सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाना चाहिए, ताकि मुश्किल समय में उन्हें कुछ राहत मिल सके।
पुलिस की टीम मौके पर पहुंची
घटना की सूचना मिलने के बाद बैजलपुर चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास मौजूद लोगों से हादसे के संबंध में जानकारी ली। पुलिस ने आवश्यक कानूनी कार्रवाई करते हुए मृतक के शव को अपने कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए मर्च्युरी भेज दिया। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा। पुलिस घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है और आगे की कार्रवाई नियमानुसार की जाएगी।