Vishwakarma Jayanti: विभिन्न धार्मिक, सांस्कृतिक एवं सामाजिक आयोजनों में जिला पंचायत महासमुंद के उपाध्यक्ष भीखम सिंह ठाकुर ने 17 सितंबर को खल्लारी विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न ग्रामों में पहुंचकर सहभागिता की। उन्होंने आयोजनों में बतौर मुख्य अतिथि एवं अतिथि शामिल होकर ग्रामीणों, कलाकारों और युवाओं से संवाद किया तथा प्रतिभाओं का उत्साहवर्धन किया।
विश्वकर्मा जयंती के अवसर पर ठाकुर ने सुखरीडबरी, बिराजपाली, डोंगा खम्हरिया, खेमड़ा, कौहाकुड़ा, मुनगासेर, कोमाखान, खुड़मुड़ी, दाबपाली, नर्रा, खुटेरी और डोंगरीपाली सहित विभिन्न गांवों में आयोजित कार्यक्रमों में भाग लिया। इस दौरान उन्होंने भगवान विश्वकर्मा की पूजा-अर्चना कर क्षेत्रवासियों की सुख-शांति एवं समृद्धि की कामना की।
कलाकारों का बढ़ाया उत्साह
सुखरीडबरी में जय मां दुलौरिन लोककला नाचा गम्मत, बालोद के कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होकर उन्होंने कलाकारों का उत्साह बढ़ाया। नर्रा में आयोजित पटपर झांकी कार्यक्रम में भी उन्होंने पूजा-अर्चना कर आयोजन समिति एवं कलाकारों का उत्साहवर्धन किया। कौहाकुड़ा में छत्तीसगढ़ी नाच पार्टी के सांस्कृतिक कार्यक्रम में शामिल हुए। मुनगासेर, कोमाखान, खुड़मुड़ी एवं दाबपाली में आयोजित डीजे डांस प्रतियोगिताओं में भी ठाकुर ने सहभागिता की और युवा प्रतिभागियों की प्रस्तुतियों का आनंद लेते हुए उनका उत्साह बढ़ाया। दाबपाली में आयोजित कार्यक्रम में आयोजन समिति, जनप्रतिनिधि एवं ग्रामीणजन मौजूद रहे।
धार्मिक व सामाजिक आयोजनों में भी हुए शामिल
विश्वकर्मा जयंती के साथ ठाकुर ने ग्राम ठकुरीपाली (कौसरा) में आयोजित एक दिवसीय संगीतमय रामायण कार्यक्रम में भी सहभागिता की। उन्होंने धार्मिक आयोजन की सराहना करते हुए आयोजक समिति एवं ग्रामीणों को शुभकामनाएं दीं। वहीं हिच्छा (पोटिया) में यादव परिवार के दशगात्र कार्यक्रम में शामिल होकर दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि अर्पित की और शोकाकुल परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की।
लोककला और युवा प्रतिभाओं को प्रोत्साहन
ठाकुर ने कहा कि भगवान विश्वकर्मा सृजन, निर्माण, कौशल और कर्म के प्रतीक हैं। ऐसे आयोजन छत्तीसगढ़ की लोककला, संस्कृति और परंपराओं को आगे बढ़ाने का माध्यम हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में आयोजित सांस्कृतिक एवं डांस प्रतियोगिताएं स्थानीय प्रतिभाओं को मंच प्रदान करती हैं। उन्होंने सभी आयोजन समितियों, कलाकारों, प्रतिभागियों एवं ग्रामवासियों को सफल आयोजन की शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रमों में नितिन जैन, एवन साहू, ललित कुमार बया, शंकर ठाकुर, चमन ठाकुर, देव डोंगरे, जानकी कमल ठाकुर, पंकज जैन सहित विभिन्न ग्रामों के जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता, आयोजन समिति के सदस्य एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

