Winter Car Tips: सर्दियों में सुबह या रात के समय कार चलाते हुए एक परेशानी अक्सर सामने आती है। बाहर ठंड होने पर कार के शीशों पर अंदर की तरफ धुंध जमने लगती है। इससे सड़क साफ दिखाई नहीं देती और हादसे का खतरा भी बढ़ सकता है। कई लोग इस धुंध को कपड़े से पोंछकर हटाने की कोशिश करते हैं, लेकिन कुछ ही देर बाद शीशे फिर से धुंधले हो जाते हैं। दरअसल, कार के AC और डिफॉगर का सही इस्तेमाल करके इस समस्या से आसानी से छुटकारा पाया जा सकता है। इसके लिए कुछ छोटी-छोटी बातों का ध्यान रखना जरूरी है।
कार के शीशों पर अंदर से क्यों जमती है भाप?
कार के शीशों पर धुंध जमने की मुख्य वजह हवा में मौजूद नमी और तापमान का अंतर है। कार के अंदर यात्रियों की सांस, गीले कपड़ों, जूतों और दूसरे स्रोतों से नमी बढ़ती रहती है। जब केबिन की गर्म और नम हवा ठंडे शीशे के संपर्क में आती है, तो उसमें मौजूद जलवाष्प छोटी-छोटी बूंदों में बदल जाती है। इसी वजह से शीशे पर धुंध दिखाई देने लगती है। इसके अलावा, लंबे समय तक AC को रीसर्कुलेशन मोड में चलाने से केबिन की नम हवा बार-बार अंदर ही घूमती रहती है। इससे शीशों पर भाप जमने की समस्या और बढ़ सकती है।
कार के शीशों से भाप हटाने के लिए अपनाएं ये तरीके
1. फ्रंट डिफॉगर ऑन करें
सबसे पहले कार के डैशबोर्ड पर दिए गए फ्रंट विंडस्क्रीन डिफॉगर का बटन दबाएं। इससे हवा सीधे सामने वाले शीशे की तरफ जाने लगती है। बेहतर नतीजे के लिए फैन की स्पीड भी बढ़ा दें।
2. AC चालू रखें
अक्सर लोग सर्दियों में AC बंद रखते हैं, जबकि शीशों से धुंध हटाने में यह काफी मददगार होता है। AC हवा में मौजूद अतिरिक्त नमी को कम करता है, जिससे विंडस्क्रीन पर जमी भाप धीरे-धीरे साफ होने लगती है। कई आधुनिक कारों में डिफॉगर चालू करते ही AC अपने आप एक्टिव हो जाता है।
3. रीसर्कुलेशन की जगह फ्रेश-एयर मोड चुनें
कार के अंदर नमी कम करने के लिए फ्रेश-एयर मोड का इस्तेमाल करें। इसके लिए रीसर्कुलेशन बटन बंद कर दें। ऐसा करने से बाहर की हवा केबिन में आती है और अंदर जमा नमी वाली हवा बाहर निकलने का रास्ता पाती है।
4. तापमान सही रखें
सामने के शीशे पर सामान्य या हल्की गर्म हवा डालें। इससे शीशे और केबिन के तापमान का अंतर कम करने में मदद मिलती है। AC हवा की नमी कम करता है, जबकि गर्म हवा विंडस्क्रीन को साफ रखने में मदद करती है।
5. पीछे के शीशे के लिए रियर डिफॉगर इस्तेमाल करें
कार के पिछले शीशे पर धुंध जमने पर रियर डिफॉगर बटन दबाएं। इसमें लगे हीटिंग एलिमेंट शीशे को गर्म करते हैं, जिससे धुंध हटने लगती है और पीछे का नजारा साफ दिखाई देने लगता है। ध्यान रखें कि अगर धुंध के कारण सड़क दिखाई देना मुश्किल हो रहा है, तो गाड़ी को किसी सुरक्षित जगह पर रोक दें। पर्याप्त विजिबिलिटी मिलने के बाद ही दोबारा ड्राइविंग शुरू करें।












