Accident: राष्ट्रीय राजमार्ग 353 पर भीमखोज नाला के पास एक दिल दहला देने वाली घटना हुई। एक बेजुबान जंगली जीव लोमड़ी को किसी अज्ञात वाहन ने ठोकर मार दी और चालक मौके से फरार हो गया। ठोकर लगने के बाद घायल लोमड़ी तड़पती हुई सड़क पर ही बैठी रही। गाड़ियां बगल से गुजरती रहीं, लेकिन किसी ने रुककर उसकी सुध नहीं ली।
सूचना मिलते ही दौड़े वनकर्मी
खल्लारी पत्रकार तारेश साहू ने जैसे ही वन विभाग को इसकी सूचना दी, आंवराडबरी वन डिपो के वनकर्मी तुरंत मौके पर पहुंचे। वनकर्मियों को देखते ही घायल लोमड़ी सड़क किनारे खेत में घुस गई। इसके बाद शुरू हुआ असली संघर्ष। बड़ी मशक्कत के बाद वनकर्मियों ने उसे बड़ी सावधानी से पकड़ा। इस दौरान वन रक्षक अमित दिवान, चुखेश्वर ध्रुव कर्मचारी सतीश साहू, पन्नालाल ठाकुर, नीरू नरेडीया उपस्थित थे।
मुंह और पैर में आई थी गंभीर चोट
वन विभाग से मिली जानकारी के अनुसार, अज्ञात वाहन की ठोकर से लोमड़ी के मुंह और पैर में चोट आई थी। वहीं उसका प्राथमिक उपचार किया गया। उपचार के बाद जब लोमड़ी थोड़ी स्वस्थ हुई, तो वनकर्मियों ने उसे सुरक्षित जंगल में छोड़ दिया। जंगल की ओर भागती लोमड़ी को देखकर वहां मौजूद लोगों ने वन विभाग की जमकर तारीफ की।
वन विभाग की अपील -"सड़क पर कोई भी घायल वन्य जीव दिखे तो उसे खुद पकड़ने की कोशिश न करें, तुरंत वन विभाग को सूचना दें। आपकी एक सूचना किसी बेजुबान की जान बचा सकती है।"
रिपोर्ट: तारेश साहू / इंद्रकुमार चौहान











