Dharmantaran Vivad: महासमुंद के मौहारीभाठा में घर पर आयोजित प्रार्थना सभा को लेकर शुरू हुआ विवाद अब प्रशासन तक पहुंच गया है। इस मामले में अब मसीही समाज भी एकजुट होकर सामने आया है। पास्टर्स एवं लीडर्स फैलोशिप सोसायटी महासमुंद की ओर से कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपकर महासमुंद विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा के सार्वजनिक वक्तव्यों, सोशल मीडिया पर प्रसारित टिप्पणियों और मौहारीभाठा के हिक्षा राम साहू के घर में हुई घटना की जांच की मांग की गई है। समाज ने आगामी क्रिसमस पर्व और दिसंबर में होने वाले धार्मिक आयोजनों के लिए सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने का भी आग्रह किया है।
प्रार्थना सभा में व्यवधान का लगाया आरोप
ज्ञापन में मसीही समाज ने बताया है कि मौहारीभाठा के निवास स्थान में कुछ लोगों द्वारा जबरन प्रवेश कर हंगामा किया गया और वहां आयोजित प्रार्थना सभा में व्यवधान उत्पन्न किया गया। समाज का कहना है कि इस घटना से समुदाय के लोगों में भय और असुरक्षा की भावना पैदा हुई है। ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया है कि मौहारीभाठा में कई वर्षों से रविवार की प्रार्थना सभा आयोजित होती आ रही है। समाज ने शांतिपूर्ण धार्मिक गतिविधियों में किसी भी तरह के जबरन हस्तक्षेप को रोकने की मांग की है।

विधायक के सार्वजनिक बयानों पर जताई आपत्ति
समाज ने महासमुंद विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा के धर्मांतरण और मसीही समुदाय से संबंधित सार्वजनिक वक्तव्यों पर भी आपत्ति जताई है। ज्ञापन में कहा गया है कि इन बयानों की विषयवस्तु और सार्वजनिक प्रभाव से समुदाय के लोगों में भय और असुरक्षा का माहौल बन रहा है। समाज ने विधायक के संबंधित वक्तव्यों की वास्तविकता, संदर्भ और परिस्थितियों की निष्पक्ष जांच करने की मांग की है।सोशल मीडिया टिप्पणियों को लेकर भी चिंता
ज्ञापन में सोशल मीडिया पर प्रसारित कुछ टिप्पणियों और संदेशों का भी उल्लेख किया गया है। समाज का आरोप है कि मौहारीभाठा की घटना के बाद कुछ लोगों द्वारा अन्य स्थानों पर आयोजित होने वाली प्रार्थना सभाओं में भी हंगामा और व्यवधान उत्पन्न करने संबंधी संदेश प्रसारित किए जा रहे हैं।
समाज ने इन टिप्पणियों को लेकर व्यक्तिगत सुरक्षा और धार्मिक आयोजनों की सुरक्षा पर चिंता जताई है।
क्रिसमस से पहले सुरक्षा व्यवस्था की मांग
आगामी दिसंबर माह में क्रिसमस पर्व और उससे जुड़े धार्मिक कार्यक्रमों को देखते हुए मसीही समाज ने चर्चों, प्रार्थना भवनों और निजी आवासों में आयोजित होने वाली प्रार्थना सभाओं के लिए आवश्यक पुलिस व्यवस्था की मांग की है। ज्ञापन में पुलिस गश्त बढ़ाने, आयोजनों के दौरान सुरक्षा सुनिश्चित करने और किसी भी व्यक्ति या समूह द्वारा जबरन प्रवेश, धमकी, हंगामा अथवा हिंसा की स्थिति में तत्काल कार्रवाई करने का आग्रह किया गया है।निष्पक्ष जांच और वैधानिक कार्रवाई की मांग
पास्टर्स एवं लीडर्स फैलोशिप सोसायटी ने प्रशासन से मौहारीभाठा की घटना, विधायक के सार्वजनिक वक्तव्यों और सोशल मीडिया पर प्रसारित टिप्पणियों की अलग-अलग जांच करने की मांग की है। ज्ञापन में कहा गया है कि यदि जांच में किसी संज्ञेय अपराध का प्रथमदृष्टया आधार मिलता है तो संबंधित लोगों के खिलाफ नियमानुसार प्राथमिकी दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की जाए। समाज ने स्पष्ट किया है कि ज्ञापन किसी व्यक्तिगत दुर्भावना या राजनीतिक उद्देश्य से नहीं, बल्कि धार्मिक स्वतंत्रता, समुदाय की सुरक्षा और क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से दिया गया है।












