Conversion Controversy: धर्मांतरण रोकने के लिए धर्म स्वातंत्र्य कानून बनाए जाने के बाद भी जबरदस्ती धर्म परिवर्तन कराने के मामले लगातार सामने आ रहे हैं। धमतरी जिले के नगरी में रविवार को एक घर के भीतर आयोजित प्रार्थना सभा को लेकर विवाद की स्थिति निर्मित हो गई। वार्ड क्रमांक 12 स्थित एक मकान में चंगाई सभा आयोजित किए जाने की सूचना के बाद हिंदू जागरण मंच सहित विभिन्न हिंदू संगठनों के कार्यकर्ता मौके पर पहुंचे। देखते ही देखते घर के बाहर बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ जुट गई और प्रदर्शन शुरू हो गया।
चंगाई सभा की आड़ में धर्मांतरण का आरोप
जानकारी के अनुसार हिंदू संगठनों को वार्ड क्रमांक 12 में मौजुद एक मकान में चंगाई सभा आयोजित किए जाने की सूचना मिली थी। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया है कि यहां प्रार्थना सभा की नाम में धर्मांतरण की गतिविधियों को अंजाम दिया जा रहा था। इसी आशंका को लेकर हिंदू संगठनों ने सभा का विरोध करते हुए संबंधित लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग उठाई।
धर्मांतरण की जांच और कार्रवाई की मांग पर अड़े प्रदर्शनकारी
प्रदर्शनकारी इस मांग पर अड़े है, कि धर्मांतरण के आरोपों की निष्पक्ष जांच की जाए और दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई किया जाए। घटना की सूचना मिलते ही नगरी थाना पुलिस और एसडीओपी भी मौके पर पहुंच गए। पुलिस अधिकारियों ने स्थिति पर नजर बनाए रखी। घर के बाहर सैकड़ों की संख्या में हिंदू संगठनों के कार्यकर्ताओं की मौजूदगी के चलते इलाके में तनावपूर्ण माहौल रहा।
छत्तीसगढ़ में नया धर्म स्वातंत्र्य कानून लागू
बता दें कि छत्तीसगढ़ में छत्तीसगढ़ धर्म स्वातंत्र्य विधेयक, 2026 को मंत्रिपरिषद और विधानसभा की मंजूरी मिलने के बाद यह कानून बन चुका है, जिसने 1968 के पुराने अधिनियम का स्थान लिया है। राज्य सरकार की सूचना के अनुसार, यह विधेयक 19–20 मार्च 2026 को विधानसभा में पारित हुआ और बाद में राज्यपाल की स्वीकृति तथा अधिसूचना के माध्यम से लागू किया गया।












