Anganwadi Services: छत्तीसगढ़ की महिला एवं बाल विकास तथा समाज कल्याण मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने गुजरात प्रवास के दौरान गांधीनगर के करई गांव में मौजुद आंगनबाड़ी केंद्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने बच्चों के पोषण, स्वास्थ्य और प्रारंभिक शिक्षा के लिए की गई व्यवस्थाओं का जायजा लिया और केंद्रों में उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली।
शिक्षा और देखभाल की व्यवस्थाओं का लिया जायजा
मंत्री राजवाड़े ने आंगनबाड़ी केंद्रों में बच्चों की देखभाल, उन्हें दी जा रही शिक्षा और पोषण संबंधी गतिविधियों को करीब से देखा। नन्द घर केवल सेवा केंद्र नहीं, बल्कि बच्चों के शुरुआती जीवन को संबल देने और माताओं तक जरूरी सहयोग पहुंचाने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। यहां मिलने वाली देखभाल और सीखने का वातावरण बच्चों के आत्मविश्वास और विकास की नींव मजबूत करता है।
गुजरात की मंत्री से मिलीं लक्ष्मी राजवाड़े
गांधीनगर स्थित सचिवालय में मंत्री राजवाड़े ने गुजरात की महिला एवं बाल विकास (महिला एवं बाल कल्याण) मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ. मनीषा राजीवभाई वकील से सौजन्य भेंट की। इस अवसर पर छत्तीसगढ़ सामरी की विधायक उद्धेश्वरी पैकरा,गुजरात के महिला एवं बाल विकास विभाग के सचिव राकेश शंकर और छत्तीसगढ़ की विभागीय संचालक डॉ. रेणुका श्रीवास्तव भी उपस्थित रहे। इस दौरान विभागीय योजनाओं, आंगनबाड़ी सेवाओं और महिला एवं बाल कल्याण से जुड़े विषयों पर चर्चा हुई।
आंगनबाड़ी सेवाओं को बेहतर बनाने पर जोर
मंत्री ने गुजरात में अपनाई जा रही व्यवस्थाओं और योजनाओं के क्रियान्वयन की जानकारी ली। यह दौरा राज्यों के बीच अनुभव साझा करने और बच्चों तथा महिलाओं के लिए चल रही सेवाओं को अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण रहा। गुजरात के नन्द घरों में देखे गए प्रयास छत्तीसगढ़ में आंगनबाड़ी केंद्रों को और बेहतर बनाने तथा हर बच्चे तक पोषण, शिक्षा और संवेदनशील देखभाल पहुंचाने के संकल्प को नई दिशा दे सकते हैं।












