Asian Games 2026: भारत ने एथलेटिक्स में अपना पहला और एकमात्र गोल्ड मेडल हासिल कर लिया है। यह स्वर्ण पदक महिलाओं की 4x400 मीटर रिले रेस में भारतीय टीम ने अपने नाम किया। किरण, मचेतिरा पूवम्मा, प्राची और विथ्या रामराज की चौकड़ी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए फाइनल रेस में पहला स्थान हासिल किया। भारतीय टीम ने यह रेस 3 मिनट 29.69 सेकंड के समय के साथ पूरी की। इस मुकाबले में बहरीन ने सिल्वर मेडल जीता, जबकि मेजबान चीन को ब्रॉन्ज मेडल से संतोष करना पड़ा। भारत ने रिले रेस की शुरुआत लेन नंबर छह से की। शुरुआती लेग की जिम्मेदारी स्प्रिंटर किरण को दी गई। उन्होंने दबाव के बीच शानदार दौड़ लगाई और बैटन को तीसरे स्थान पर पहुंचाते हुए मचेतिरा पूवम्मा को सौंपा।
दूसरे लेग में अनुभवी धाविका पूवम्मा ने अपनी रफ्तार और अनुभव का बेहतरीन इस्तेमाल किया। उन्होंने अंतर को कम करते हुए भारत को बढ़त की स्थिति में पहुंचा दिया। इसके बाद बैटन प्राची को मिली, जो पहले ही 400 मीटर व्यक्तिगत स्पर्धा में ब्रॉन्ज मेडल जीत चुकी थीं। प्राची ने भी अपनी भूमिका बखूबी निभाई और टीम को मजबूत स्थिति में बनाए रखा, जिससे आखिरी लेग के लिए विथ्या रामराज को अच्छी पोजिशन मिली।
आखिरी लैप में विथ्या रामराज का कमाल
एंकर लेग में उतरीं विथ्या रामराज ने शुरुआत से ही अपनी लय पकड़ ली। करीब 200 मीटर के बाद उन्होंने अपनी रफ्तार बढ़ाई और भारतीय टीम की बढ़त को बनाए रखा। हालांकि बहरीन की साल्वा ईद नासर ने आखिरी दौर में तेजी दिखाते हुए अंतर कम करने की कोशिश की, लेकिन विथ्या ने धैर्य बनाए रखा। उन्होंने शानदार फिनिश के साथ सबसे पहले फिनिश लाइन पार की और भारत को गोल्ड मेडल दिला दिया।
महिला 4x400 मीटर रिले में भारत की शानदार परंपरा
एशियन गेम्स में महिलाओं की 4x400 मीटर रिले स्पर्धा में भारत का प्रदर्शन लगातार मजबूत रहा है। साल 2002 के बाद से खेले गए सात एशियन गेम्स में भारत इस इवेंट में छठा मेडल जीत चुका है। पिछले हांगझोऊ एशियन गेम्स में बहरीन ने गोल्ड मेडल जीता था, जबकि भारत को सिल्वर पदक मिला था। इस बार भारतीय टीम ने शानदार वापसी करते हुए चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया।एथलेटिक्स में भारत का एकमात्र गोल्ड
एशियन गेम्स 2026 में एथलेटिक्स प्रतियोगिताओं का आखिरी दिन भारत के लिए यादगार रहा। भारतीय दल ने इस बार एथलेटिक्स में एक गोल्ड मेडल जीता, जबकि इसके अलावा 9 सिल्वर और 14 ब्रॉन्ज मेडल भी हासिल किए। एथलेटिक्स में भारत के कुल पदकों की संख्या 24 रही। वहीं, 2022 हांगझोऊ एशियन गेम्स में भारत ने एथलेटिक्स में कुल 6 गोल्ड मेडल जीते थे। इस बार महिला 4x400 मीटर रिले में मिली जीत भारतीय एथलेटिक्स टीम के लिए खास उपलब्धि रही।

