Atta Papdi Recipe: शाम के नाश्ते में अगर चाय के साथ कुछ नमकीन और क्रंची मिल जाए, तो मज़ा दोगुना हो जाता है। अक्सर हम इसके लिए बाज़ार से बिस्किट या पैकेट बंद स्नैक्स ले आते हैं, लेकिन वे स्वाद और सेहत दोनों के लिहाज़ से हमेशा सही नहीं होते। ऐसे में आप बहुत कम मेहनत में घर पर ही क्रिस्पी आटा-सूजी पापड़ी तैयार कर सकते हैं। इस रेसिपी की सबसे खास बात यह है कि इसमें मैदे का ज़रा भी इस्तेमाल नहीं होता। गेहूं के आटे और सूजी के मेल से बनी यह पापड़ी न केवल बाज़ार जैसी खस्ता बनती है, बल्कि इसे कई हफ़्तों तक स्टोर करके भी रखा जा सकता है।
आवश्यक सामग्री
- गेहूं का आटा: 2 कप
- बारीक सूजी: 4 बड़े चम्मच
- जीरा: ½ छोटा चम्मच
- अजवाइन: 1 छोटा चम्मच
- कलौंजी (मंगरैल): 1 छोटा चम्मच
- नमक: 1 छोटा चम्मच (स्वादानुसार)
- मोयन के लिए तेल: 3 बड़े चम्मच
- फ्राई करने के लिए: तेल आवश्यकतानुसार
आसान स्टेप्स में बनाएं बाज़ार जैसी क्रिस्पी पापड़ी
- सूखी सामग्री मिलाएं: एक बड़े और फैले हुए बर्तन में गेहूं का आटा और बारीक सूजी निकाल लें। अब इसमें जीरा, अजवाइन, कलौंजी और नमक डालकर अच्छी तरह मिक्स कर लें।
- मोयन का ध्यान रखें: अब इसमें 3 बड़े चम्मच तेल डालें और हाथों से आटे को मलते हुए तेल को अच्छी तरह मिलाएं। जब आटा मुट्ठी में बांधने पर बंधने लगे, तो समझें कि मोयन एकदम सही मात्रा में लगा है। पापड़ी को खस्ता बनाने के लिए यह स्टेप बहुत ज़रूरी है।
- सख्त आटा गूंथें: अब थोड़ा-थोड़ा पानी डालते हुए थोड़ा कड़ा (सख्त) आटा गूंथ लें। ध्यान रखें कि आटा गीला या ज़्यादा मुलायम न हो, वरना पापड़ी कुरकुरी नहीं बनेगी। गूंथने के बाद आटे को ढककर 10-15 मिनट के लिए सेट होने छोड़ दें।
- बेलें और कटिंग करें: आटे की बड़ी लोइयां बनाएं और उन्हें किसी समतल जगह पर रखकर पतली रोटी की तरह बेल लें।
- छेद करना न भूलें: बेली हुई रोटी पर कांटे (Fork) की मदद से जगह-जगह छोटे-छोटे छेद कर दें। ऐसा करने से तलते समय पापड़ी फूलेगी नहीं और अंदर तक अच्छी तरह से सिकेगी।
- पापड़ी का शेप दें: अब किसी छोटे गिलास, कटोरी या ढक्कन की मदद से गोल-गोल पापड़ियां काट लें। बचे हुए आटे को दोबारा समेटकर बेलें और इसी तरह बाकी पापड़ियां भी तैयार कर लें।
- धीमी आंच पर तलें: कड़ाही में तेल गरम करें। जब तेल हल्का गरम हो जाए, तो गैस की आंच धीमी से मध्यम (Slow-Medium) कर दें और पापड़ियों को तेल में डालें।
गोल्डन होने तक सेकें: पापड़ियों को धीरे-धीरे पलटते हुए दोनों तरफ से सुनहरा और कुरकुरा होने तक तलें।

