Elephant Attack: राजपुर वन परिक्षेत्र में हाथी के हमले से एक बुजुर्ग ग्रामीण की दर्दनाक मौत हो गई, घटना परसवार कला गांव की है, जहां देर रात नदी किनारे एक अकेले हाथी ने ग्रामीण पर हमला कर दिया। हाथी ने उसे पटक-पटककर गंभीर रूप से घायल कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। जानकारी के अनुसार, मृतक का किसी बात को लेकर अपनी पत्नी से विवाद हुआ था, इसके बाद वह पैदल ही अपनी बेटी के घर जाने के लिए निकल पड़ा था। बताया जा रहा है कि पत्नी भी उसे वापस घर लाने के लिए पीछे-पीछे जा रही थी। इसी दौरान रास्ते में नदी के पास अचानक उसका सामना हाथी से हो गया और यह हादसा हो गया।
वन विभाग ने संभाला मोर्चा
घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची, अधिकारियों की मौजूदगी में शव का पंचनामा और पोस्टमार्टम कराया गया, जिसके बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। वन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि इलाके में हाथी की गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है, हाथी मित्र दल और वनकर्मियों की टीम को तैनात किया गया है, ताकि ग्रामीणों को सतर्क किया जा सके और किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके।
हाथी की दहशत, ग्रामीणों को अलर्ट
हाथी के हमले की इस दर्दनाक घटना के बाद परसवार कला सहित आसपास के कई गांवों में दहशत का माहौल बना हुआ है, ग्रामीणों में जंगली हाथियों की बढ़ती आवाजाही को लेकर चिंता बढ़ गई है। वन विभाग ने लोगों से अपील की है कि वे जंगल, नदी किनारे और हाथियों के संभावित विचरण वाले इलाकों में जाने से बचें। साथ ही, किसी भी स्थान पर हाथी दिखाई देने पर तुरंत वन विभाग या हाथी मित्र दल को सूचना देने की अपील की गई है।
हाथियों पर रखी जा रही नजर
वन विभाग की टीम लगातार क्षेत्र में गश्त कर रही है और ग्रामीणों को सतर्क रहने के लिए जागरूक किया जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि हाथियों की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है, ताकि मानव-वन्यजीव संघर्ष की घटनाओं को रोका जा सके और ग्रामीणों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
