Bhilai News: सेक्टर-2 में बुधवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब गटर की सफाई के दौरान कर्मचारियों को अंदर एक नवजात शिशु मिला। घटना सेक्टर-2 की सड़क नंबर 11 और 12 के बीच की बताई जा रही है। सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए और पुलिस को इसकी जानकारी दी गई।
बताया जा रहा है कि इलाके में गटर जाम होने के कारण पानी निकासी की समस्या बनी हुई थी। स्थानीय लोगों ने इसकी शिकायत बीएसपी प्रबंधन से की थी, जिसके बाद सफाई का काम शुरू कराया गया। इसी दौरान सफाईकर्मियों की नजर गटर के अंदर पड़े नवजात पर पड़ी।
दो से तीन दिन का बताया जा रहा नवजात
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार नवजात की उम्र करीब दो से तीन दिन बताई जा रही है। घटना की जानकारी मिलते ही भट्ठी थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। फिलहाल पुलिस की मौजूदगी में नवजात को गटर से बाहर निकालने की प्रक्रिया की जा रही है। मौके पर स्थानीय लोगों की भीड़ भी जुट गई है।बच्चे को गटर में किसने छोड़ा, जांच जारी
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि नवजात को गटर में किसने और किन परिस्थितियों में छोड़ा। इसके लिए आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है। साथ ही क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच भी की जा सकती है, ताकि घटना से जुड़े सुराग मिल सकें। भट्ठी थाना पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है। नवजात को सुरक्षित बाहर निकालने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

