CG Industrial Inspection: जिले के औद्योगिक क्षेत्र बिरकोनी में जिला स्तरीय संयुक्त टीम ने तीन औद्योगिक प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण किया। कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी के आदेश और कार्यालय को मिली शिकायत के आधार पर की गई इस कार्रवाई में श्रम, परिवहन, पर्यावरण, विधिक मापविज्ञान और उद्योग विभाग के अधिकारियों ने अलग-अलग बिंदुओं पर जांच की। टीम ने डी.एम.के. इंटरप्राइजेस, एएसजी एंटरप्राइजेस और लालवानी प्रिंट एंड पैक प्राइवेट लिमिटेड में पहुंचकर श्रमिकों से जुड़े दस्तावेजों, वाहनों के जरूरी प्रमाणपत्रों, तौल उपकरणों और पर्यावरण संबंधी व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
श्रमिकों के दस्तावेज नहीं दिखा सके तीनों प्रतिष्ठानों के प्रबंधन
श्रम विभाग ने निरीक्षण के दौरान न्यूनतम वेतन अधिनियम 1948, वेतन भुगतान अधिनियम 1936 और छत्तीसगढ़ श्रम कल्याण निधि अधिनियम 1982 के प्रावधानों के तहत जांच की। इस दौरान तीनों प्रतिष्ठानों के प्रबंधन की ओर से कार्यरत श्रमिकों से संबंधित जरूरी अभिलेख प्रस्तुत नहीं किए गए। विभाग ने इस पर संबंधित प्रबंधन को नोटिस जारी कर जवाब मांगा है।
डी.एम.के. इंटरप्राइजेस में श्रमिकों के रिकॉर्ड को लेकर कार्रवाई
डी.एम.के. इंटरप्राइजेस में परिवहन, उद्योग, विधिक मापविज्ञान और पर्यावरण विभाग को जांच के दौरान कोई अनियमितता नहीं मिली। हालांकि, श्रम विभाग को श्रमिकों से जुड़े जरूरी दस्तावेज उपलब्ध नहीं कराए गए। इस पर प्रतिष्ठान के प्रबंधन को नोटिस जारी कर जवाब मांगा जा रहा है।लालवानी प्रिंट एंड पैक में तौल उपकरणों की जांच
लालवानी प्रिंट एंड पैक प्राइवेट लिमिटेड में पर्यावरण, परिवहन और उद्योग विभाग की जांच सामान्य रही। विधिक मापविज्ञान विभाग ने इलेक्ट्रॉनिक तौल उपकरणों का सत्यापन किया। हालांकि, प्रतिष्ठान को विधिक मापविज्ञान अधिनियम के प्रावधानों के अनुसार जांच के लिए पर्याप्त बाट रखने के निर्देश दिए गए। यहां भी श्रम विभाग को श्रमिकों से संबंधित आवश्यक रिकॉर्ड प्रस्तुत नहीं किए गए। इस मामले में प्रबंधन को नोटिस जारी कर जवाब मांगा जा रहा है।
संयुक्त निरीक्षण टीम में जिला परिवहन अधिकारी प्रतीक शुक्ला, श्रम पदाधिकारी डी.एन. पात्र, पर्यावरण विभाग के एस.के. चौधरी, विधिक मापविज्ञान विभाग के निरीक्षक सिद्धार्थ दुबे और उद्योग विभाग के प्रबंधक दिनेश कुमार कंवर शामिल थे।











