राजधानी रायपुर से एक बेहद हैरान करने वाला मामला सामने आया है। पचपेड़ी नाका स्थित 'बालाजी राजस्थानी रेस्टोरेंट' में काम करने वाला एक युवक रहस्यमय परिस्थितियों में गायब हो गया है। हैरानी की बात यह है कि रात में रेस्टोरेंट को बाहर से ताला लगाकर बंद किया गया था, लेकिन सुबह अंदर सो रहा युवक गायब मिला और वहां की एक खिड़की टूटी हुई पाई गई। इस फिल्मी अंदाज में हुई गुमशुदगी ने पुलिस और परिजनों दोनों को उलझा कर रख दिया है। जानकारी के मुताबिक, 30 वर्षीय अनिरूद्ध सराफ मूल रूप से बलौदाबाजार के सिटी कोतवाली क्षेत्र का रहने वाला है। वह अपने दोस्त देवराज साहू के साथ काम की तलाश में रायपुर आया था।
काम के सिलसिले में में भेज रहे थे बिलासपुर
देवराज ने ही उसे पचपेड़ी नाका के बालाजी राजस्थानी रेस्टोरेंट में नौकरी दिलवाई थी। परिजनों ने बताया कि 9 अगस्त 2026 की सुबह करीब 10:20 बजे अनिरूद्ध का फोन आया था। उसने बताया कि रेस्टोरेंट का मालिक उसे काम के सिलसिले में बिलासपुर भेज रहा है। बातों से परिजनों को कुछ ठीक नहीं लगा, तो उन्होंने उसे तुरंत घर लौट आने को कहा। अनिरूद्ध ने बताया कि उसके पास घर वापस आने के लिए किराये के पैसे नहीं हैं। इसके बाद परिजनों ने किसी परिचित के जरिए फोन-पे (PhonePe) पर उसे 120 रुपये भेजे।
बंद रेस्टोरेंट अंदर ही सो रहा अनिरूद्ध
घरवाले रात भर अपने बेटे के लौटने का इंतजार करते रहे, लेकिन वह नहीं आया। अगले दिन जब रेस्टोरेंट के कर्मचारियों से बात की गई, तो जो कहानी सामने आई उसने परिजनों के होश उड़ा दिए। रेस्टोरेंट के कर्मचारियों का कहना है कि 9 अगस्त की रात करीब 11:15 बजे काम खत्म करने के बाद रेस्टोरेंट बंद कर दिया गया था। अनिरूद्ध अंदर ही सो रहा था और मेन गेट पर बाहर से ताला लगा दिया गया था। लेकिन जब 10 अगस्त की सुबह रेस्टोरेंट खोला गया, तो अनिरूद्ध वहां नहीं था।घटना के बाद मोबाइल स्विच ऑफ
अंदर जाकर देखा गया तो रेस्टोरेंट की एक खिड़की टूटी हुई थी। कर्मचारियों ने अंदेशा जताया है कि शायद अनिरूद्ध ने ही खिड़की तोड़ी और वहां से निकल गया। अब सबसे बड़ा सवाल यह उठ रहा है कि अगर अनिरूद्ध को घर या कहीं और जाना ही था, तो वह खिड़की तोड़कर रहस्यमय तरीके से क्यों भागा? घटना के बाद से ही उसका मोबाइल लगातार स्विच ऑफ बता रहा है।
रेस्टोरेंट के कर्मचारियों से पूछताछ
अनिरूद्ध के पिता ने आशंका जताई है कि किसी ने उनके बेटे का अपहरण कर लिया है और उसे कहीं छिपाकर रखा गया है। परिजनों की शिकायत के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। फिलहाल पुलिस की टीमें रेस्टोरेंट के कर्मचारियों से पूछताछ कर रही हैं और आसपास के सीसीटीवी फुटेज के साथ-साथ अनिरूद्ध की कॉल डिटेल्स खंगाल रही हैं, ताकि इस अनसुलझी गुत्थी से पर्दा उठ सके।


