Diwali Sweet Recipes: त्योहारों की रौनक अपने साथ मीठी खुशबू और पकवानों की महक लेकर आती है। चाहे बात करवा चौथ की हो, दिवाली की या फिर भाई दूज की इन खास मौकों पर मुंह मीठा करना तो बनता ही है। हालांकि, इस दौरान बाजार में मिलने वाली मिठाइयों में मिलावट की आशंका हमेशा बनी रहती है। ऐसे में अगर घर पर ही शुद्ध और ताज़ी मिठाई तैयार हो जाए, तो त्योहार का मज़ा और भी बढ़ जाता है। अगर आप भी इस फेस्टिव सीजन कुछ मीठा बनाने की सोच रहे हैं, तो नारियल के लड्डू से बेहतर विकल्प शायद ही कोई हो। आइए जानते हैं इसे बनाने की बेहद आसान विधि।
जरूरी सामग्री (Ingredients)
- कद्दूकस किया हुआ नारियल: 2 कप (या नारियल का बुरादा)
- गाढ़ा दूध (कंडेंस्ड मिल्क): 1 कप
- देशी घी: 2 बड़े चम्मच
- इलायची पाउडर: आधा छोटा चम्मच
- सजावट के लिए: बारीक कटे हुए बादाम या पिस्ता
- कोटिंग के लिए: थोड़ा सा अतिरिक्त नारियल का बुरादा
- सबसे पहले नारियल को हल्का भूनें: एक नॉन-स्टिक पैन या कढ़ाई में 1 चम्मच देसी घी गर्म करें। अब इसमें कद्दूकस किया हुआ नारियल या बुरादा डालें। आंच को धीमा रखें और इसे लगातार चलाते हुए 2 से 3 मिनट तक भूनें। इस बात का खासतौर पर ध्यान रखें कि नारियल का रंग भूरा नहीं होना चाहिए, इसे बस तब तक भूनना है जब तक इसमें से हल्की सी खुशबू आने लगे।
- कंडेंस्ड मिल्क मिलाएं: अब भुने हुए नारियल में गाढ़ा दूध (कंडेंस्ड मिल्क) डालें। आंच को धीमा ही रखें और दोनों चीजों को अच्छी तरह मिलाते हुए लगातार चलाते रहें ताकि मिश्रण नीचे न चिपके।
- मिश्रण को गाढ़ा करें: इस मिश्रण को तब तक पकाएं जब तक यह कढ़ाई के किनारे छोड़ने लगे और एक डो (dough) की तरह एक जगह इकट्ठा होने लगे। इस पूरी प्रक्रिया में लगभग 5 से 7 मिनट का समय लगता है।
- इलायची पाउडर मिलाएं: जब मिश्रण अच्छी तरह बंधने की स्थिति में आ जाए, तब इसमें इलायची पाउडर डालकर अच्छे से मिक्स कर लें और गैस बंद कर दें। अब इस मिश्रण को एक प्लेट में निकाल लें और हल्का ठंडा होने दें ताकि आप इसे आसानी से छू सकें।
- गोल-गोल बनाएं लड्डू: हाथों पर थोड़ा सा घी लगाकर उन्हें चिकना कर लें। इसके बाद मिश्रण से थोड़ा-थोड़ा हिस्सा लें और दोनों हथेलियों के बीच गोल-गोल घुमाते हुए सुंदर लड्डू बना लें।
- कोटिंग और सजावट: तैयार किए गए हर लड्डू को सूखे नारियल के बुरादे में चारों तरफ से अच्छी तरह लपेट लें, जिससे इनका लुक बिल्कुल बाजार जैसे लड्डुओं जैसा शानदार लगे। अंत में, ऊपर से कटे हुए बादाम या पिस्ता लगाकर इन्हें सजाएं। आपके स्वादिष्ट और शुद्ध नारियल के लड्डू परोसने के लिए बिल्कुल तैयार हैं।







