Durg Police: जिले की कानून-व्यवस्था को चुस्त-दुरुस्त करने और अपराधों पर लगाम कसने के लिए पुलिस महानिदेशक (DGP) अरुण देव गौतम ने शनिवार को पुलिस महकमे की बड़ी बैठक ली। पुलिस कंट्रोल रूम में आयोजित इस समीक्षा बैठक में डीजीपी ने साफ कर दिया कि पुलिसिंग सिर्फ थानों के औपचारिक निरीक्षण तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि इसका असर अपराधों की जांच, आरोपियों की गिरफ्तारी और आम जनता की शिकायतों के तुरंत निपटारे में दिखना चाहिए। बैठक में दुर्ग रेंज के आईजी अभिषेक शांडिल्य, एसएसपी विजय अग्रवाल, एएसपी (शहर) शोभराज अग्रवाल, एएसपी (ग्रामीण) मणिशंकर चंद्रा सहित जिले के सभी राजपत्रित अधिकारी मौजूद थे। इस दौरान एसएसपी ने एक प्रेजेंटेशन के जरिए साल 2026 में पुलिस द्वारा की गई कार्रवाइयों, अपराध के आंकड़ों और यातायात सुधार के चलते सड़क हादसों में आई कमी का ब्योरा पेश किया।
ड्रंक एंड ड्राइव पर चलेगा विशेष अभियान
सड़क दुर्घटनाओं में होने वाली मौतों पर चिंता जताते हुए डीजीपी ने यातायात नियमों का सख्ती से पालन कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ लगातार और सख्त अभियान चलाया जाए। सभी अधिकारियों को अपने-अपने इलाकों में चेकिंग पॉइंट बढ़ाने और इस पूरी कार्रवाई की नियमित मॉनिटरिंग करने को कहा गया है, ताकि नशे की हालत में गाड़ी चलाने से होने वाले जानलेवा हादसों को रोका जा सके।
नशे से जूझ रहे युवाओं को मिलेगी नई जिंदगी
नशे के कारोबार पर प्रहार करने के साथ-साथ डीजीपी ने इस बैठक में एक संवेदनशील पहल पर भी जोर दिया। उन्होंने निर्देश दिए कि जो बच्चे और युवा नशे की लत का शिकार हो चुके हैं, उनकी पहचान कर डेटा तैयार किया जाए और उन्हें नशामुक्ति केंद्रों से जोड़ा जाए। इसके लिए नारकोटिक्स टास्क फोर्स और संबंधित अधिकारियों को मिलकर एक ठोस कार्ययोजना बनाने को कहा गया है, ताकि भटके हुए युवाओं को मुख्यधारा में वापस लाया जा सके।
पेंडिंग केस और फरार आरोपियों पर फोकस
विवेचना की गुणवत्ता सुधारने के लिए डीजीपी ने थानों में लंबित मामलों और केस डायरी की नियमित समीक्षा करने को कहा। उन्होंने हिदायत दी कि गंभीर अपराधों की सूचना मिलते ही वरिष्ठ अधिकारी खुद मौके पर पहुंचकर जांच की निगरानी करें। इसके अलावा, समय पर कोर्ट में चालान पेश करने, फरार आरोपियों की धरपकड़ और गिरफ्तारी वारंटों की तामिली में तेजी लाने के स्पष्ट निर्देश दिए गए।
आम जनता से व्यवहार और थानों की कार्यप्रणाली पर नजर
पुलिस की छवि और कार्यप्रणाली को बेहतर बनाने के लिए अधिकारियों को थानों के रिकॉर्ड, मालखाने और पुलिसकर्मियों के कामकाज की बारीकी से जांच करने को कहा गया है। डीजीपी ने विशेष रूप से इस बात पर जोर दिया कि थाने पहुंचने वाले आम नागरिकों के साथ पुलिस का व्यवहार संवेदनशील हो और उनकी समस्याओं का समय पर समाधान किया जाए।
साइबर ठगों को पकड़ने के लिए बनेगा इंटर-डिस्ट्रिक्ट नेटवर्क
बढ़ते साइबर अपराधों से निपटने के लिए डीजीपी ने साइबर सेल को अपनी कार्यप्रणाली को और आधुनिक बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि साइबर ठगों पर नकेल कसने के लिए दूसरे जिलों और अन्य पुलिस इकाइयों के साथ तालमेल बढ़ाया जाए, ताकि सूचनाओं के त्वरित आदान-प्रदान से अपराधियों तक जल्द पहुंचा जा सके।












