Balod News: बीड़ी मांगने जैसी छोटी सी बात पर शुरू हुआ विवाद मारपीट और लूटपाट के आरोप तक पहुंच गया। मामला दल्लीराजहरा थाना क्षेत्र के टेबलर सेड का है, जहां चार युवकों ने मिलकर एक युवक के साथ मारपीट की। पीड़ित का आरोप है कि इस दौरान आरोपियों ने उसकी जेब में रखे 10 हजार रुपए भी छीन लिए। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, टेबलर सेड में दिनेश कौशिक और चार युवकों के बीच बीड़ी मांगने की बात को लेकर विवाद हुआ था। देखते ही देखते कहासुनी ने मारपीट का रूप ले लिया। आरोप है कि चारों युवकों ने दिनेश कौशिक के साथ जमकर मारपीट की और उसकी जेब में रखे 10 हजार रुपए लेकर चले गए। घटना के बाद पीड़ित ने दल्लीराजहरा थाने पहुंचकर पुलिस को पूरे मामले की जानकारी दी और शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस ने घटना में शामिल बताए जा रहे चारों युवकों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया।
मारपीट और रुपए छीनने के मामले में चार आरोपी गिरफ्तार
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों में युसुफ पठान (30 वर्ष), पिता स्वर्गीय फूल मोहम्मद, गंगाराम निषाद उर्फ राम (22 वर्ष), पिता रोहित निषाद, आकाश मंडावी उर्फ गोदू (25 वर्ष), पिता विजय और अभिषेक मंडावी उर्फ खारी (22 वर्ष), पिता विजय मंडावी शामिल हैं। चारों आरोपी वार्ड क्रमांक 04, टेबलर सेड, दल्लीराजहरा के निवासी बताए गए हैं। पुलिस ने आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करने के बाद सभी आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।











