Eklavya School Case: छत्तीसगढ़ के रुद्रारम स्थित एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय से एक गंभीर मामला सामने आया है। यहां कंप्यूटर शिक्षक देवेंद्र दहिया पर बच्चों के साथ अनुचित व्यवहार करने के आरोप लगाए गए हैं। मामले को लेकर कुछ छात्र और उनके पालक कलेक्टर व एसपी कार्यालय पहुंचे और शिकायत सौंपकर निष्पक्ष जांच एवं कार्रवाई की मांग की है। पालकों की शिकायत के अनुसार, शिक्षक के खिलाफ यह मामला वर्ष 2024 से चल रहा है। आरोप है कि लंबे समय से बच्चों के साथ गलत व्यवहार किया जा रहा था, लेकिन डर और दबाव के कारण बच्चे पहले खुलकर अपनी बात नहीं रख पाए।
बच्चों ने पालकों को बताई पूरी बात
शिकायत के मुताबिक, कुछ समय पहले बच्चों ने हिम्मत जुटाकर अपने माता-पिता को मामले की जानकारी दी। इसके बाद पालकों ने आपस में चर्चा कर प्रशासन तक पहुंचने का निर्णय लिया। बताया जा रहा है कि इस मामले में सात बच्चों की ओर से शिकायत की गई है, जिसमें बच्चों और पालकों के हस्ताक्षर भी शामिल हैं। पालकों का कहना है कि अब जब बच्चे सामने आए हैं तो पूरे मामले की गंभीरता से जांच होनी चाहिए, ताकि वास्तविक स्थिति सामने आ सके और दोषी पाए जाने वालों पर नियमानुसार कार्रवाई की जाए।
स्कूल प्रबंधन की भूमिका पर भी उठे सवाल
शिकायत में विद्यालय प्रबंधन की भूमिका को लेकर भी सवाल उठाए गए हैं। पालकों का आरोप है कि जब बच्चों ने इस संबंध में प्राचार्य को जानकारी दी थी, तब मामले को गंभीरता से नहीं लिया गया। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि बच्चों को आश्रम से बाहर करने जैसी बातें कही गई थीं। पालकों का कहना है कि आवासीय विद्यालय में रहने वाले बच्चों की सुरक्षा की जिम्मेदारी स्कूल प्रबंधन की होती है। ऐसे में शिकायत मिलने के बाद तत्काल जांच कर उचित कदम उठाए जाने चाहिए थे।एसडीएम कर रहे मामले की जांच
मामले को लेकर सहायक आयुक्त देवेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि एकलव्य विद्यालय के शिक्षक के खिलाफ अनुचित स्पर्श (बेड टच) संबंधी शिकायत प्राप्त हुई है। फिलहाल एसडीएम मामले की जांच कर रहे हैं। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। वहीं, विद्यालय की प्राचार्य ई. नारायणअम्मा ने बताया कि शिक्षक दिवस से पहले बच्चों ने इस मामले की जानकारी दी थी। इसके बाद मामले को उच्च अधिकारियों के संज्ञान में लाया गया है।
