Harmanpreet Kaur: भारतीय महिला क्रिकेट टीम से जुड़ी बड़ी खबर सामने आई है। टीम की कप्तान हरमनप्रीत कौर ने सभी फॉर्मेट की कप्तानी छोड़ने का फैसला किया है। हरमनप्रीत ने सोशल मीडिया पर एक भावुक पोस्ट साझा कर अपने इस फैसले की जानकारी दी। हाल के वर्षों में भारतीय महिला क्रिकेट की कई बड़ी उपलब्धियों में हरमनप्रीत की अहम भूमिका रही है। उनकी कप्तानी में टीम ने एशियन गेम्स में गोल्ड मेडल जीता था। अब कप्तानी से हटने के बाद टीम की अगली कप्तान को लेकर चर्चाएं शुरू हो गई हैं।
भावुक पोस्ट में हरमनप्रीत ने क्या कहा?
हरमनप्रीत कौर ने इंस्टाग्राम पर अपने फैसले के बारे में विस्तार से लिखा। उन्होंने कहा कि कप्तानी छोड़ने का फैसला उनके लिए आसान नहीं था। इस जिम्मेदारी के साथ उनकी कई यादें, भावनाएं और वर्षों की मेहनत जुड़ी हुई है। उन्होंने कहा कि भारतीय महिला क्रिकेट और टीम के लिए उन्होंने अपना पूरा योगदान दिया। कई मौकों पर टीम को प्राथमिकता देते हुए उन्हें अपने व्यक्तिगत प्रदर्शन, महत्वाकांक्षाओं और निजी इच्छाओं को पीछे रखना पड़ा। हरमनप्रीत ने आगे कहा कि वह भावुक जरूर हैं, लेकिन उन्हें इस बात की संतुष्टि है कि टीम इस समय सही दिशा में आगे बढ़ रही है। उनके मुताबिक टीम में प्रतिभा, आत्मविश्वास और मजबूत चरित्र मौजूद है और आने वाले समय को लेकर वह उत्साहित हैं।
हरमनप्रीत की कप्तानी में मिली बड़ी सफलताएं
हरमनप्रीत कौर के नेतृत्व में भारतीय महिला टीम ने कई महत्वपूर्ण उपलब्धियां हासिल कीं। उनकी कप्तानी में टीम ने पहली बार ODI वर्ल्ड कप का खिताब अपने नाम किया। इसके अलावा भारतीय टीम ने एशिया कप में भी चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया। एशियन गेम्स में भी हरमनप्रीत की कप्तानी में भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने गोल्ड मेडल जीता था। ऐसे में कप्तानी छोड़ने का उनका फैसला भारतीय क्रिकेट के लिए एक अहम बदलाव माना जा रहा है।कौन संभालेगा टीम की कमान?
हरमनप्रीत कौर के कप्तानी छोड़ने के बाद अब सबसे बड़ा सवाल भारतीय महिला टीम के अगले कप्तान को लेकर है। कई रिपोर्ट्स में स्टार बल्लेबाज स्मृति मंधाना का नाम संभावित कप्तान के तौर पर सामने आ रहा है। हालांकि, भारतीय क्रिकेट टीम की अगली कप्तान के नाम को लेकर अभी आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है। बीसीसीआई के फैसले के बाद ही तस्वीर पूरी तरह साफ होगी।

