Indian Table Tennis: अंकुर भट्टाचार्जी ने जीता पहला WTT खिताब, डबल्स में भी हासिल किया गोल्ड
Indian Table Tennis: खिलाड़ी अंकुर भट्टाचार्जी ने चेकिया में WTT फीडर ओलोमौक टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन करते हुए अपना पहला WTT मेन्स सिंगल्स खिताब जीत लिया। उन्होंने फाइनल में स्लोवेनिया के डेनी कोज़ुल को 3-1 से हराया। इसके अलावा अंकुर ने आकाश पाल के साथ मेन्स डबल्स का खिताब भी अपने नाम किया।
क
कीर्तिमान डेस्क | यशोदा साहू
01 Sep 2026, 03:48 PM
खेल डेस्क
Indian Table Tennis: खिलाड़ी अंकुर भट्टाचार्जी ने चेकिया में खेले गए WTT फीडर ओलोमौक टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन करते हुए अपने करियर का पहला WTT मेन्स सिंगल्स खिताब जीत लिया। अंकुर ने सिंगल्स के साथ-साथ मेन्स डबल्स में भी स्वर्ण पदक हासिल किया। डबल्स में उन्होंने आकाश पाल के साथ मिलकर खिताब अपने नाम किया। दुनिया की 78वीं रैंकिंग वाले अंकुर ने मेन्स सिंगल्स के फाइनल में स्लोवेनिया के तीसरी वरीयता प्राप्त खिलाड़ी डेनी कोज़ुल को 3-1 से हराया।
फाइनल में अंकुर को शुरुआत में जरूर परेशानी हुई और कोज़ुल ने पहला गेम 11-9 से अपने नाम कर लिया। इसके बाद भारतीय खिलाड़ी ने शानदार वापसी की। अंकुर ने अगले तीनों गेम में अपने खेल को लगातार बेहतर किया। सटीक शॉट प्लेसमेंट और लंबी रैलियों में नियंत्रण के दम पर उन्होंने दूसरा गेम 11-4, तीसरा 11-5 और चौथा गेम 11-6 से जीत लिया। इस तरह उन्होंने मुकाबला 3-1 से अपने नाम करते हुए पहली बार WTT पुरुष एकल ट्रॉफी पर कब्जा किया।
अंकुर भट्टाचार्जी गोल्ड मेडलडबल्स में भी आकाश पाल के साथ बाजी मारी
अंकुर भट्टाचार्जी और आकाश पाल की जोड़ी ने मेन्स डबल्स में भी शानदार प्रदर्शन किया। फाइनल में भारतीय जोड़ी का सामना हंगरी के कसाबा एंड्रास ज़ांतोसी और पोलैंड के एलन कुल्ज़िस्की ज़ालेव्स्की से हुआ। भारतीय जोड़ी ने पहला गेम 11-8 से जीतकर अच्छी शुरुआत की, लेकिन दूसरे गेम में विपक्षी जोड़ी ने वापसी करते हुए 11-4 से जीत हासिल की। मुकाबला बराबरी पर आने के बाद तीसरे गेम में दोनों टीमों के बीच कड़ा संघर्ष देखने को मिला। अंकुर और आकाश ने दबाव के बीच 13-11 से गेम जीतकर फिर बढ़त बना ली। चौथे गेम में भी मुकाबला काफी करीबी रहा, लेकिन भारतीय खिलाड़ियों ने महत्वपूर्ण मौकों पर धैर्य बनाए रखा और 11-9 से गेम जीतकर मैच 3-1 से अपने नाम कर लिया। इसके साथ ही अंकुर और आकाश ने डबल्स का गोल्ड मेडल भी हासिल कर लिया।
2026 में लगातार बेहतर होता प्रदर्शन
ओलोमौक में मिली यह सफलता अंकुर भट्टाचार्जी के लिए WTT फीडर सीरीज में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। इससे पहले 2026 में वह दो बार क्वार्टर फाइनल और दो बार सेमीफाइनल तक पहुंच चुके थे।अंकुर इससे पहले यूरोप यूथ स्मैश 2025 के फाइनल में भी जगह बना चुके हैं। ओलोमौक में सिंगल्स और डबल्स दोनों खिताब जीतकर उन्होंने अपने मौजूदा फॉर्म का मजबूत प्रदर्शन किया है।