Korba News: छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में जंगली हाथियों की मौजूदगी से वन विभाग सतर्क हो गया है। करतला वन मंडल के जंगलों में करीब 9 हाथियों का दल विचरण कर रहा है। हाथियों की गतिविधियों को देखते हुए विभाग ने आसपास के गांवों में मुनादी कराकर ग्रामीणों को सावधान रहने की अपील की है। साथ ही, हाथियों की निगरानी के लिए टीमों को सक्रिय कर दिया गया है।
गांव-गांव पहुंचकर ग्रामीणों को किया जा रहा सतर्क
हाथियों के जंगल में होने की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम अलर्ट हो गई। ग्रामीणों को संभावित खतरे से आगाह करने के लिए गांव-गांव लाउडस्पीकर के जरिए मुनादी कराई जा रही है। लोगों से कहा जा रहा है कि वे सतर्क रहें और जंगल की ओर जाने से बचें। वन विभाग ने खासतौर पर शाम के बाद जंगल में नहीं जाने, खेतों में अकेले काम करने से बचने और बच्चों को जंगल के आसपास न जाने देने की सलाह दी है। इसके अलावा, हाथियों के नजदीक जाकर सेल्फी लेने या वीडियो बनाने से भी सख्ती से मना किया गया है।
ड्रोन से रखी जा रही हाथियों पर नजर
हाथियों के झुंड की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए वन विभाग ड्रोन कैमरे की मदद ले रहा है। इसके साथ ही हाथी मित्र दल को भी सक्रिय किया गया है, ताकि हाथियों की लोकेशन पर लगातार नजर रखी जा सके और ग्रामीणों को समय रहते सतर्क किया जा सके। निगरानी टीम में डिप्टी रेंजर केशव सिदार, BFO प्रतीक तिवारी, शेखर कंवर, दीपक कुजूर, कपिल कंवर, परमेश्वर बंजारे और मिलाप कंवर शामिल हैं। वन विभाग ने ग्रामीणों से अपील की है कि वे हाथियों की मौजूदगी की सूचना मिलने पर सावधानी बरतें, जंगल की ओर जाने से बचें और हाथियों को देखने के लिए उनके करीब जाने की कोशिश न करें।






