Mahasamund Sports News: आगामी 12 से 15 नवंबर तक रायगढ़ जिले के एनटीपीसी लारा में आयोजित होने वाली 21वीं सीनियर राज्य स्तरीय वॉलीबॉल प्रतियोगिता के लिए महासमुंद जिले की पुरुष टीम का गठन कर लिया गया है। महासमुंद जिला वॉलीबॉल संघ की ओर से आयोजित चयन ट्रायल में जिले के अलग-अलग क्षेत्रों से पहुंचे खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। खिलाड़ियों के प्रदर्शन के आधार पर उत्कृष्ट प्रतिभागियों का चयन कर जिला टीम तैयार की गई। टीम के गठन के लिए महासमुंद ब्लॉक स्थित मिनी स्टेडियम ग्राउंड में चयन ट्रायल आयोजित किया गया था।
इसमें पिथौरा, बागबाहरा, बसना, सरायपाली और महासमुंद क्षेत्र के खिलाड़ियों ने अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया। चयन प्रक्रिया के बाद बेहतर प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को जिला टीम में जगह दी गई। अब यह टीम रायगढ़ में आयोजित राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में महासमुंद जिले का प्रतिनिधित्व करेगी।
चयनित खिलाड़ियों को मिली खेल किट
चयन के बाद खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाने के उद्देश्य से किट वितरण कार्यक्रम भी आयोजित किया गया। राजेश इंटरप्राइजेज महासमुंद के संचालक सम्यक लूनिया ने चयनित खिलाड़ियों को खेल किट प्रदान की और प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन करने के लिए शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर छत्तीसगढ़ वॉलीबॉल एसोसिएशन के सह सचिव नितिन पांडे, राज्य स्तरीय अंपायर राजेश साहू, जगदीश सामल, क्रॉसफिट जिम के संचालक सागर चंद्राकर, राष्ट्रीय खिलाड़ी सीएच फिलिप, राजेंद्र सिंह परिहार और सलिल चौधरी विशेष रूप से उपस्थित रहे।अतिथियों ने खिलाड़ियों का बढ़ाया उत्साह
कार्यक्रम में अंतरराष्ट्रीय योग खिलाड़ी तोरण यादव, व्यायाम शिक्षक गणेश कोसरे, बलौदाबाजार जिले की वॉलीबॉल टीम के कोच एवं व्यायाम शिक्षक वीरेंद्र पटेल तथा ऑल इंडिया सिविल सर्विसेज वॉलीबॉल टीम के मैनेजर संदीप साहू भी शामिल हुए। सभी उपस्थित अतिथियों ने आयोजन की सराहना करते हुए चयनित खिलाड़ियों को बधाई दी और रायगढ़ में होने वाली प्रतियोगिता में जिले का नाम रोशन करने की शुभकामनाएं दीं। जिला टीम के गठन और खिलाड़ियों को खेल किट मिलने से खिलाड़ियों में खासा उत्साह है। अब सभी की निगाहें रायगढ़ में होने वाली प्रतियोगिता पर टिकी हैं, जहां महासमुंद की टीम राज्य के अन्य जिलों की टीमों के साथ मुकाबला करेगी।






