Raigarh Bank Fraud: छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में एक सेवानिवृत्त शिक्षक के बैंक खाते से करीब 47 लाख रुपए अलग-अलग खातों में ऑनलाइन ट्रांसफर किए जाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि गांव के ही एक युवक ने करीब छह साल की अवधि में यह रकम अपने और अन्य बैंक खातों में ट्रांसफर की। बैंक स्टेटमेंट निकलवाने के बाद शिक्षक को पूरे मामले की जानकारी हुई, जिसके बाद उन्होंने कोतरा रोड थाने में शिकायत दर्ज कराई। मामला कोतरा रोड थाना क्षेत्र के ग्राम कांटाहरदी का है। यहां रहने वाले 65 वर्षीय रघुनाथ सिदार शिक्षा विभाग से सेवानिवृत्त शिक्षक हैं। उनका भारतीय स्टेट बैंक की कोतरारोड शाखा में बचत खाता है। नौकरी के दौरान वे इसी खाते में वेतन की राशि जमा करते थे और अपनी बचत भी इसी खाते में रखते थे।
गांव के युवक पर था भरोसा
रघुनाथ सिदार के मुताबिक, वर्ष 2020 में नौकरी के दौरान उन्हें बैंक से चेक के जरिए रुपए निकालने में गांव का ही छत्रपाल सिदार मदद करता था। एक ही गांव और समाज का होने के कारण धीरे-धीरे दोनों के बीच विश्वास का रिश्ता बन गया। छत्रपाल का उनके घर भी आना-जाना था और वह परिवार के लोगों से भी परिचित था। बताया गया है कि इस दौरान छत्रपाल कई बार रघुनाथ के मोबाइल फोन का इस्तेमाल भी करता था। बैंक से रुपए निकालने के काम में मदद करने का सिलसिला उनकी सेवानिवृत्ति के बाद भी जारी रहा।
रिटायरमेंट के बाद खाते में जमा हुई बड़ी रकम
रघुनाथ सिदार जून 2024 में शिक्षा विभाग से सेवानिवृत्त हुए थे। सेवानिवृत्ति के बाद उनके खाते में जीपीएफ, ग्रेच्युटी, अवकाश समर्पण सहित अन्य देय राशि जमा हुई। इसके बाद उन्होंने मकान निर्माण के लिए जमीन खरीदने की तैयारी शुरू की। इसी सिलसिले में जुलाई 2026 में जब वे बैंक पहुंचे और अपने बचत खाते का स्टेटमेंट निकलवाया, तो लेन-देन की जानकारी देखकर उनके होश उड़ गए।छह साल में 47.05 लाख रुपए ट्रांसफर
शिकायत के अनुसार, बैंक स्टेटमेंट की जांच में सामने आया कि जनवरी 2020 से जून 2026 के बीच उनके खाते से कुल 47 लाख 5 हजार रुपए अलग-अलग बैंक खातों में ऑनलाइन ट्रांसफर किए गए थे। इनमें ग्रामीण बैंक, IDBI बैंक, बैंक ऑफ बड़ौदा सहित अन्य बैंक खातों का उल्लेख किया गया है। रघुनाथ सिदार ने आरोप लगाया कि इन लेन-देन के पीछे गांव के युवक छत्रपाल सिदार का हाथ है। बैंक खाते से इतनी बड़ी रकम निकलने की जानकारी मिलने के बाद उन्होंने मामले की शिकायत पुलिस से की। शिकायत के आधार पर कोतरा रोड पुलिस ने आरोपी छत्रपाल सिदार के खिलाफ धारा 318(4)-BNS के तहत अपराध दर्ज किया है। पुलिस ने मामले को जांच में लिया है और बैंक खातों से हुए लेन-देन समेत अन्य पहलुओं की जानकारी जुटाई जा रही है।

