जिले में सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और यातायात व्यवस्था को मजबूत बनाने के उद्देश्य से महासमुंद पुलिस, यातायात शाखा, आरटीओ, एनएचएआई और लोक निर्माण विभाग की संयुक्त टीम लगातार अभियान चला रही है। इसी कड़ी में दुर्घटना संभावित ब्लैक और ग्रे स्पॉट्स का संयुक्त निरीक्षण किया गया, वहीं सड़क सुरक्षा नियमों के पालन को लेकर जिलेभर में विशेष चेकिंग और जागरूकता अभियान भी संचालित किया गया। पुलिस विभाग के अनुसार ब्लैक और ग्रे स्पॉट्स पर हाईवे पेट्रोलिंग टीम की ओर से चौबीसों घंटे निगरानी रखी जा रही है ताकि दुर्घटनाओं की संभावना को कम किया जा सके। इसके साथ ही ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में हेलमेट, सीट बेल्ट और अन्य यातायात नियमों के पालन को लेकर लगातार कार्रवाई की जा रही है।
एक सप्ताह में 2,186 वाहनों का चालान
यातायात पुलिस द्वारा पिछले एक सप्ताह के दौरान महासमुंद शहर में बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चलाने वाले 2,186 चालकों के खिलाफ ई-चालान की कार्रवाई की गई। इस दौरान कुल 10 लाख 93 हजार रुपये का समन शुल्क जारी किया गया। इसके अलावा निर्धारित गति सीमा से अधिक रफ्तार में वाहन चलाने वाले 36 चालकों पर ओवरस्पीडिंग की कार्रवाई करते हुए 36 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया। वहीं अवैध रूप से सड़क किनारे वाहन खड़े करने वाले 25 वाहन चालकों के खिलाफ नो पार्किंग की कार्रवाई कर 7,500 रुपये का समन शुल्क जारी किया गया।

स्कूल बसों की जांच
स्कूली बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए जिले में संचालित 92 स्कूल बसों का भौतिक सत्यापन किया गया। निरीक्षण के दौरान दो बसों में निर्धारित मानकों के अनुरूप कमियां मिलने पर कुल 6 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया। अभियान के दौरान 62 स्कूल बस चालकों का नेत्र परीक्षण और स्वास्थ्य परीक्षण भी कराया गया, ताकि बच्चों की सुरक्षा से जुड़े मानकों का पालन सुनिश्चित किया जा सके।
जागरूकता अभियान
यातायात पुलिस ने जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में आयोजित होने वाले साप्ताहिक हाट-बाजारों, चौक-चौराहों और सार्वजनिक स्थानों पर 13 जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए। इन कार्यक्रमों के माध्यम से 2,000 से अधिक ग्रामीणों और आम नागरिकों को सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों की जानकारी दी गई। अभियान के दौरान लोगों को हेलमेट पहनने, सीट बेल्ट लगाने, निर्धारित गति सीमा का पालन करने और नशे की हालत में वाहन नहीं चलाने के संबंध में जागरूक किया गया।
मालवाहक वाहनों पर नजर
पुलिस ने मालवाहक वाहनों में अवैध रूप से सवारी ढोने वालों के खिलाफ भी विशेष अभियान चलाया। बीते एक सप्ताह के दौरान ऐसे 11 वाहनों पर मोटरयान अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई। पुलिस का कहना है कि मालवाहक वाहनों में यात्रियों को बैठाकर परिवहन करना गंभीर दुर्घटनाओं का कारण बन सकता है, इसलिए इस तरह के मामलों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है।
नशे में वाहन चलाने वालों पर सख्ती
यातायात पुलिस द्वारा ब्रीथ एनालाइजर मशीन की मदद से वाहन चालकों की जांच भी की जा रही है। जांच के दौरान शराब सेवन कर वाहन चलाते पाए जाने वाले चालकों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस की अपील
महासमुंद पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि अपनी और अपने परिवार की सुरक्षा के लिए यातायात नियमों का पालन करें। दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट और चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट का उपयोग अनिवार्य रूप से करें। साथ ही नशे की हालत में वाहन न चलाएं और मालवाहक वाहनों में सवारी करने से बचें। पुलिस का कहना है कि सड़क सुरक्षा केवल कानून का विषय नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी भी है।
