Tomato Chokha Recipe: कई बार दाल-चावल, रोटी-सब्जी जैसे रोज के खाने से मुंह का स्वाद फीका लगने लगता है और कुछ अलग व चटपटा खाने का मन करता है। लेकिन समय की कमी के कारण ज्यादा मेहनत वाली डिश बनाना आसान नहीं होता। ऐसे में टमाटर का चोखा एक बेहतरीन विकल्प है। यह स्वाद में तीखा, मसालेदार और बेहद आसान रेसिपी है, जो कुछ ही मिनटों में तैयार हो जाती है।
टमाटर का चोखा बनाने के लिए अगर आप देसी टमाटर का इस्तेमाल करते हैं तो इसका स्वाद और भी बेहतर आता है। देसी टमाटर में हल्की खटास होती है, जो चोखे को खास स्वाद देती है। फ्रिज में रखे टमाटरों से भी आप इसे आसानी से तैयार कर सकते हैं।
टमाटर का चोखा बनाने के लिए सामग्री
- टमाटर – 4 से 5
- सरसों का तेल – 1 चम्मच
- सूखी लाल मिर्च – 3 से 4
- लहसुन – 7 से 8 कलियां
- प्याज – 1 से 2
- नमक – स्वादानुसार
- हरी मिर्च – जरूरत के अनुसार
- ताजा कटी हुई हरी धनिया – थोड़ी सी
ऐसे करें टमाटर की तैयारी
सबसे पहले टमाटरों को अच्छी तरह धो लें और उन्हें बीच से काटकर दो हिस्सों में बांट लें। इसके बाद एक पैन में सरसों का तेल गर्म करें। तेल गर्म होने के बाद इसमें सूखी लाल मिर्च डालकर हल्का सा सेंक लें और फिर इसे एक प्लेट में निकाल लें।
लहसुन और प्याज को करें फ्राई
अब उसी तेल में छीली हुई लहसुन की कलियां डालें और उन्हें सुनहरा होने तक भून लें। इसके बाद लहसुन को भी प्लेट में निकाल लें। फिर प्याज को लंबे-लंबे टुकड़ों में काटकर उसी तेल में फ्राई करें। प्याज के हल्का सुनहरा होने के बाद इसे भी अलग निकाल लें।टमाटर पकाने का आसान तरीका
अब उसी पैन में कटे हुए टमाटर डालें और ढककर कुछ देर तक पकने दें। जब टमाटर अच्छी तरह नरम हो जाएं तो गैस बंद कर दें। इसके बाद टमाटर के छिलके आसानी से निकाल लें।
रोटी, दाल-चावल के साथ बढ़ाएं स्वाद
टमाटर का चोखा आप रोटी, दाल-चावल या किसी भी साधारण खाने के साथ परोस सकते हैं। यह कम समय में बनने वाली ऐसी रेसिपी है, जो रोज के खाने को भी खास बना देती है। अगर घर का खाना फीका लग रहा है तो इस आसान रेसिपी को जरूर ट्राई करें।सभी चीजों को मिलाकर तैयार करें चोखा
अब एक प्लेट में पके हुए टमाटर, भुना हुआ लहसुन, प्याज और लाल मिर्च डालें। इसमें स्वादानुसार नमक और हरी मिर्च मिलाएं। सभी चीजों को हाथों या मैशर की मदद से अच्छी तरह मिला लें, ताकि सारे स्वाद एक साथ मिल जाएं।
आखिरी स्टेप में डालें हरी धनिया
जब सभी सामग्री अच्छी तरह मिल जाए तो ऊपर से बारीक कटी हुई हरी धनिया डाल दें। इससे चोखे का स्वाद और खुशबू दोनों बढ़ जाएंगे। अब आपका स्वादिष्ट और चटपटा टमाटर का चोखा तैयार है।

