मंदिर हसौद थाना क्षेत्र अंतर्गत सेरीखेड़ी में बीती रात हुए एक सड़क हादसे ने दो परिवारों की खुशियाँ उजाड़ दीं, जिसके विरोध में आज सुबह आक्रोशित परिजनों और स्थानीय निवासियों ने मुख्य मार्ग पर चक्काजाम कर दिया।
प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और मांग की कि क्षेत्र में भारी वाहनों की बेकाबू रफ़्तार पर तत्काल लगाम लगाई जाए और फरार ट्रक चालक को जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जाए। इस चक्काजाम के कारण सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस बल को तैनात करना पड़ा।
ट्रक ने मारी बाइक को टक्कर
यह हृदयविदारक घटना सोमवार रात करीब 11:30 बजे की है, जब जिंदल कॉलोनी ओड़िया बस्ती निवासी गोलू यादव और राजू यादव रोज की तरह 'सिब्बल ग्रीन' से अपना काम खत्म कर बाइक पर सवार होकर घर लौट रहे थे। जैसे ही वे सेरीखेड़ी के पास पहुंचे, पीछे से आ रहे एक अज्ञात तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और दोनों युवक सड़क पर काफी दूर जा गिरे।
एक ने मौके पर दूसरे ने रास्ते मे तोड़ा दम
स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी और घायलों को अस्पताल ले जाने की व्यवस्था की, लेकिन गोलू यादव ने मौके पर ही दम तोड़ दिया था, वहीं गंभीर रूप से घायल राजू यादव ने अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ही अपनी अंतिम सांस ली।इस घटना के बाद सेरीखेड़ी और अग्रसेन धाम चौक क्षेत्र की सड़क सुरक्षा व्यवस्था पर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। स्थानीय ग्रामीणों का आरोप है कि इस मार्ग पर भारी वाहनों की अनियंत्रित रफ़्तार और लापरवाही आम बात हो गई है, जिससे यह क्षेत्र अब दुर्घटना का केंद्र बनता जा रहा है।
पुलिस की निगरानी बढ़ाने की मांग
लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि इलाके में कड़े ट्रैफिक नियम लागू किए जाएं और पुलिस की निगरानी बढ़ाई जाए ताकि भविष्य में ऐसे हादसों को रोका जा सके। मामले की जानकारी देते हुए मंदिर हसौद थाना प्रभारी आशीष यादव ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। हादसे के बाद आरोपी ट्रक चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया है, जिसकी तलाश के लिए पुलिस आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है।
जल्द होगी गिरफ़्तारी
पुलिस अधिकारियों ने चक्काजाम कर रहे लोगों को आश्वासन दिया है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा और क्षेत्र में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएंगे। इस हृदयविदारक घटना से पूरे इलाके में शोक की लहर है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

