Asian Games: शुक्रवार का दिन भारत के लिए शानदार रहा। भारतीय खिलाड़ियों ने स्क्वॉश और टेबल टेनिस में शानदार प्रदर्शन करते हुए दो और पदक पक्के कर लिए हैं। अनुभवी स्क्वॉश खिलाड़ी जोशना चिनप्पा और वेलावन सेंथिलकुमार की जोड़ी ने मिक्स्ड डबल्स में, जबकि दीया चिताले और मानुष शाह की जोड़ी ने टेबल टेनिस मिक्स्ड डबल्स में सेमीफाइनल में पहुंचकर कम से कम कांस्य पदक सुनिश्चित कर लिया है। इन दोनों उपलब्धियों के बाद एशियाई खेलों में भारत के पदकों की संख्या में और इजाफा होना तय है।
स्क्वॉश मिक्स्ड डबल्स के क्वार्टर फाइनल मुकाबले में भारत की जोशना चिनप्पा और वेलावन सेंथिलकुमार का सामना फिलीपींस के डेविड पेलिनो और जेमिका अरिबाडो से हुआ। भारतीय जोड़ी ने शुरुआत से ही दबदबा बनाए रखा और महज 30 मिनट से कम समय में मुकाबला अपने नाम कर लिया। भारत ने यह मैच 11-3, 11-5 के सीधे गेमों से जीतकर सेमीफाइनल में जगह बनाई। सेमीफाइनल में भारतीय जोड़ी का मुकाबला हांगकांग की यो का ली और मिंग हांग टैंग की जोड़ी से होगा। 40 वर्षीय जोशना चिनप्पा के लिए यह एशियाई खेलों में छठा पदक होगा। इससे पहले वह एशियाई खेलों में दो रजत और तीन कांस्य पदक अपने नाम कर चुकी हैं।
दीया और मानुष ने टेबल टेनिस में रचा इतिहास
टेबल टेनिस मिक्स्ड डबल्स में भी भारत को बड़ी सफलता मिली। दीया चिताले और मानुष शाह की जोड़ी ने क्वार्टर फाइनल में विश्व रैंकिंग में चौथे स्थान पर मौजूद हांगकांग की डू होई केम और वोंग चुन टिंग की जोड़ी को हराकर पदक पक्का कर लिया। भारतीय जोड़ी ने शानदार खेल दिखाते हुए मुकाबला 3-1 से अपने नाम किया। मैच का स्कोर 11-6, 13-15, 11-9 और 11-5 रहा। इस जीत के साथ ही मौजूदा एशियाई खेलों में टेबल टेनिस में भारत का पहला पदक भी तय हो गया है। मिक्स्ड डबल्स में यह भारत का दूसरा एशियाई खेल पदक होगा। इससे पहले 2018 जकार्ता एशियन गेम्स में शरत कमल और मनिका बत्रा ने कांस्य पदक जीता था। सेमीफाइनल में दीया और मानुष का सामना चीन की सुन यिंगशा और वांग चुकिन की जोड़ी से होगा।भारत के पदकों की संख्या पहुंची 17 पर
जापान के आइची-नागोया में चल रहे एशियाई खेलों में भारत अब तक कुल 17 पदक जीत चुका है। इनमें 1 स्वर्ण, 7 रजत और 9 कांस्य पदक शामिल हैं। स्क्वॉश और टेबल टेनिस में दो और पदक सुनिश्चित होने के बाद भारत की पदक संख्या 19 तक पहुंच जाएगी। हालांकि पदक का रंग सेमीफाइनल मुकाबलों के नतीजों पर निर्भर करेगा। अगर भारतीय खिलाड़ी सेमीफाइनल मुकाबला जीतते हैं तो उनका कम से कम रजत पदक पक्का हो जाएगा। वहीं, शूटिंग में भारतीय खिलाड़ियों का प्रदर्शन उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा है, लेकिन अन्य खेलों में लगातार मिल रही सफलताओं से भारतीय दल का मनोबल मजबूत हुआ है।

