CG News: पत्थलगांव में पुलिस में पदस्थ आरक्षक नरहरि पटेल का शव पेड़ पर लटका हुआ मिला है। घटना की जानकारी सामने आने के बाद हड़कंप मच गया। पत्थलगांव थाना पुलिस ने इसकी सूचना कोरबा पुलिस को दी, पुलिस टीम मौके पर पहुंची।
घटनास्थल पर पहुंची पुलिस ने शुरू की जांच। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, नरहरि पटेल का शव पेड़ पर सफेद रंग की चुन्नी के फंदे से लटका हुआ मिला। शुरुआती जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि मौत के वास्तविक कारणों की अभी पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के साथ ही मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
कोरबा एसपी कार्यालय की स्टेनो शाखा में थे पदस्थ
2013 में पुलिस विभाग में हुए थे भर्ती। आरक्षक नरहरि पटेल की उम्र 38 वर्ष बताई जा रही है। वर्ष 2013 में पुलिस विभाग में भर्ती हुए थे। उपलब्ध जानकारी के मुताबिक, तैनाती कोरबा के सिविल लाइन रामपुर क्षेत्र में थी और वे एसपी कार्यालय की स्टेनो शाखा में कार्यरत थे। बताया गया है कि वे 27 सितंबर 2023 से इस क्षेत्र में पदस्थ थे।परिवार में पत्नी और छोटी बेटी
मौत की खबर से परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़। नरहरि पटेल के परिवार में उनकी पत्नी और एक छोटी बेटी है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि वे कोरबा से पत्थलगांव कब पहुंचे थे और वहां जाने की वजह क्या थी। पुलिस इन जानकारियों को जुटाने के साथ ही उनके घटनास्थल तक पहुंचने से जुड़ी परिस्थितियों का पता लगाने में लगी है।
मर्ग कायम कर मौत के कारणों की जांच
पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर ही मौत की असल वजह स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल मामले में जांच जारी है।







