Food Safety Department: दशहरा एवं दीपावली पर्व के दौरान आम नागरिकों को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग ने जिले में विशेष प्रवर्तन अभियान चलाया। इस दौरान किराना दुकानों, होटलों, रेस्टोरेंट, डेयरियों एवं खाद्य विनिर्माण प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर खाद्य पदार्थों के नमूने जांच के लिए संग्रहित किए गए।
नियंत्रक, खाद्य एवं औषधि प्रशासन तथा कलेक्टर के निर्देशानुसार उप संचालक डॉ. अनिल कुमार शुक्ला के मार्गदर्शन में अभिहित अधिकारी सिद्धार्थ पाण्डेय, खाद्य सुरक्षा अधिकारी दीपक कुमार धृतलहरे एवं विभागीय कर्मचारियों की टीम ने कार्रवाई की। टीम ने खैरागढ़, छुईखदान, गंडई, नर्मदा, ठेलकाडीह एवं जालबांधा के विभिन्न प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया।
खाद्य सुरक्षा उल्लंघनों पर होगी कार्रवाई
अभियान के दौरान मिठाइयों, दुग्ध उत्पादों, खाद्य तेल, मसालों, आटा सहित विभिन्न खाद्य पदार्थों के कुल 16 विधिक एवं 15 सर्विलांस नमूने संग्रहित कर जांच के लिए भेजे गए। विभाग के अनुसार पूर्व में संग्रहित नमूनों की जांच में अमानक एवं असुरक्षित पाए गए खाद्य पदार्थों, बिना खाद्य अनुज्ञप्ति अथवा पंजीयन के कारोबार तथा अन्य खाद्य सुरक्षा संबंधी उल्लंघनों के प्रकरण माननीय न्यायालय में प्रस्तुत किए जाएंगे।विभाग ने नागरिकों से अपील की है कि पैकेटबंद खाद्य सामग्री खरीदते समय बैच नंबर, पैकिंग तिथि, एक्सपायरी तिथि एवं अन्य अंकित जानकारी अवश्य देखें। खाद्य कारोबारियों को अपने प्रतिष्ठानों में सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थों का विक्रय, भंडारण, प्रदर्शन एवं विनिर्माण करने की समझाइश दी गई है।मिलावट की शिकायत के लिए हेल्पलाइन जारी
किसी भी प्रतिष्ठान में मिलावटी अथवा दूषित खाद्य पदार्थ बेचे जाने का संदेह होने पर नागरिक खाद्य सुरक्षा विभाग के हेल्पलाइन नंबर 9340597097 पर सूचना दे सकते हैं, ताकि त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके। विभाग ने बताया कि जिले में खाद्य प्रतिष्ठानों की जांच एवं निगरानी लगातार जारी रहेगी।






