IND vs Pak World Cup: क्रिकेट मुकाबले का इंतजार सिर्फ दोनों देशों के खिलाड़ियों को ही नहीं, बल्कि करोड़ों क्रिकेट फैंस को रहता है। अब 2027 वनडे वर्ल्ड कप में होने वाले इस बहुप्रतीक्षित मुकाबले को लेकर फैंस के लिए टिकट से जुड़ी अहम जानकारी सामने आई है। ICC ने 2027 में होने वाले पुरुष वनडे वर्ल्ड कप का शेड्यूल जारी कर दिया है। टूर्नामेंट में भारत और पाकिस्तान की भिड़ंत 10 अक्टूबर 2027 को जोहान्सबर्ग के वांडरर्स स्टेडियम में होगी। खास बात यह है कि इसी मैदान पर 21 नवंबर को वर्ल्ड कप का फाइनल भी खेला जाएगा।
कितनी होगी वर्ल्ड कप टिकट की कीमत?
ICC की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, 2027 वनडे वर्ल्ड कप के टिकट करीब 9.62 अमेरिकी डॉलर यानी 158 दक्षिण अफ्रीकी रैंड से शुरू होंगे। वहीं सबसे महंगी कैटेगरी के टिकट की कीमत लगभग 31.31 डॉलर यानी 514 रैंड तक रखी गई है। भारतीय रुपये में मौजूदा विनिमय दर के हिसाब से यह कीमत लगभग 900 रुपए से 4,700 रुपए के बीच बैठती है। हालांकि, भारत और पाकिस्तान के बीच होने वाले मुकाबले के टिकट की अलग कीमत अभी ICC ने घोषित नहीं की है। फिलहाल सामने आई कीमतें पूरे टूर्नामेंट के लिए निर्धारित शुरुआती प्राइस रेंज हैं।
टिकट के लिए शुरू हुई बैलट व्यवस्था
वर्ल्ड कप का शेड्यूल सामने आने के साथ ही ICC ने टिकट खरीदने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी है। 'द आईसीसी मेंस CWC 27 टिकट बैलट' विंडो खोल दी गई है। भारत-पाकिस्तान जैसे हाई-प्रोफाइल मुकाबलों के लिए टिकटों की मांग काफी अधिक रहने की संभावना है। इसी वजह से ICC शुरुआती चरण में बैलट सिस्टम के जरिए टिकट आवंटित कर रहा है। इसमें फैंस को पहले रजिस्ट्रेशन करना होगा और चयनित लोगों को टिकट खरीदने का अवसर मिलेगा। यानी सिर्फ रजिस्ट्रेशन करने से टिकट पक्का नहीं होगा, बल्कि बैलट प्रक्रिया के जरिए टिकट खरीदने का मौका मिलेगा।
फैमिली और स्टूडेंट्स के लिए भी विकल्प
ICC ने टिकट व्यवस्था में अलग-अलग वर्गों के दर्शकों को ध्यान में रखते हुए कई विकल्प रखे हैं। इनमें फैमिली बंडल के साथ-साथ स्टूडेंट और पेंशनर के लिए विशेष प्राइसिंग शामिल है। इसके अलावा शुरुआती स्थानीय टिकट आवंटन, कम्युनिटी क्लब और स्कूल ग्रुप के लिए भी टिकट विकल्प उपलब्ध कराए जाने की जानकारी दी गई है। इससे टूर्नामेंट के मुकाबलों में स्थानीय दर्शकों की भागीदारी बढ़ाने की कोशिश भी नजर आती है।10 अक्टूबर को होगा भारत-पाकिस्तान मुकाबला
2027 वनडे वर्ल्ड कप में भारत और पाकिस्तान को ग्रुप A में रखा गया है। भारतीय टीम अपने अभियान की शुरुआत 7 अक्टूबर को केपटाउन में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ करेगी। इसके तीन दिन बाद, 10 अक्टूबर को भारत और पाकिस्तान के बीच बहुप्रतीक्षित मुकाबला जोहान्सबर्ग के वांडरर्स स्टेडियम में खेला जाएगा। ग्रुप A में भारत और पाकिस्तान के अलावा ऑस्ट्रेलिया, अफगानिस्तान, जिम्बाब्वे और एक क्वालिफायर टीम शामिल होगी। ऐसे में ग्रुप स्टेज में ही भारत-पाकिस्तान मुकाबला टूर्नामेंट के सबसे ज्यादा चर्चित मैचों में से एक रहने वाला है।

