Mahasamund News: 50 ग्राम पंचायतों में सोशल ऑडिट, मनरेगा और पीएम आवास के कार्यों की जांच जारी
Mahasamund News: जिले की 551 ग्राम पंचायतों में सामाजिक अंकेक्षण का लक्ष्य रखा गया है, जिसमें अब तक 303 पंचायतों में जांच पूरी हो चुकी है। फिलहाल 50 पंचायतों में मनरेगा और प्रधानमंत्री आवास योजना के कार्यों का भौतिक सत्यापन किया जा रहा है।
प्रकाशित: 04 Nov 2026, 05:01 PM· 2 मिनट पढ़ने का समय
महासमुंद
AI द्वारा तैयार ~1 मिनट सारांश
Mahasamund News: शासकीय योजनाओं के क्रियान्वयन में पारदर्शिता, जवाबदेही और ग्रामीण जन-भागीदारी को सुदृढ़ करने महासमुंद जिले में सामाजिक अंकेक्षण की प्रक्रिया निरंतर जारी है। संचालक, छत्तीसगढ़ सामाजिक अंकेक्षण इकाई रायपुर द्वारा दिए गए निर्देशों और अनुमोदित कार्ययोजना के अनुरूप वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए जिले की कुल 551 ग्राम पंचायतों में सामाजिक अंकेक्षण संपादन का लक्ष्य निर्धारित किया गया था। इस लक्ष्य के सापेक्ष अब तक 303 ग्राम पंचायतों में अंकेक्षण कार्य सफलतापूर्वक पूर्ण कर लिया गया है, जबकि शेष 248 ग्राम पंचायतों में से प्रथम चरण के अंतर्गत 50 ग्राम पंचायतों में अंकेक्षण की कार्यवाही द्रुत गति से संचालित की जा रही है।
50 पंचायतों में मनरेगा और पीएम आवास की जांच
कलेक्टर विनय कुमार लंगेह के आदेशानुसार जिले के पांचों जनपद पंचायतों पिथौरा, बागबाहरा, बसना, सरायपाली और महासमुंद की चिह्नित 50 ग्राम पंचायतों में सामाजिक अंकेक्षण दल द्वारा सघन भौतिक सत्यापन किया जा रहा है। इसके अंतर्गत वीबी जी राम जी योजना के तहत विगत वित्तीय वर्षों में निष्पादित कार्यों तथा प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के अंतर्गत निर्मित आवासों का कार्यस्थल निरीक्षण, मजदूरों का घर-घर सत्यापन, अभिलेखों की सूक्ष्म जांच और सर्वे का कार्य शामिल है। प्रक्रिया को पूर्णतः निष्पक्ष और पारदर्शी बनाए रखने के लिए 04 से 07 दिवसीय सामाजिक अंकेक्षण के उपरांत विशेष ग्राम सभाओं का आयोजन कर अंकेक्षण प्रतिवेदन का वाचन किया जाएगा, जिसमें पूर्व बैठकों में लिए गए निर्णयों और जांच प्रतिवेदनों को भी शामिल किया जाएगा।
ग्राम सभाओं में सामाजिक अंकेक्षण अभियान
सोशल ऑडिट के लिए ग्राम सभाओं में भागीदारी की अपील
पारदर्शी और सुचारू संचालन सुनिश्चित करने के लिए प्रत्येक ग्राम सभा में सहायक आंतरिक लेखा एवं करारोपण अधिकारी को स्वतंत्र पर्यवेक्षक के रूप में तैनात किया गया है। साथ ही विभिन्न जनपद पंचायतों हेतु पृथक-पृथक ब्लॉक अंकेक्षण दल प्रमुख नियुक्त किए गए हैं जो संपूर्ण प्रक्रिया का समन्वय कर रहे हैं। जिला प्रशासन एवं जिला पंचायत महासमुंद द्वारा समस्त ग्राम पंचायतों के जनप्रतिनिधियों, ग्रामीणों और संबंधित कार्य एजेंसियों से अपील की गई है कि वे ग्राम सभाओं में अपनी सक्रिय उपस्थिति दर्ज कराकर कोरम पूर्ति सुनिश्चित करें और शासकीय योजनाओं के सोशल ऑडिट के इस महाअभियान को सफल बनाएं।