POCSO Act: छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले के तमनार थाना क्षेत्र में 14 वर्षीय नाबालिग को शादी का झांसा देकर अपने साथ ले जाने और उसके साथ दुष्कर्म करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने मामले में 22 वर्षीय नशरूल आलम को टाटानगर के पास से गिरफ्तार किया है। आरोपी गांव में नल-जल योजना के काम में मजदूरी करता था। पुलिस के मुताबिक, नाबालिग के परिजनों ने 30 सितंबर को उसके लापता होने की शिकायत तमनार थाने में दर्ज कराई थी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धारा 137(2) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
मोबाइल और सोशल मीडिया से मिली अहम जानकारी
जांच के दौरान पुलिस ने नाबालिग के मोबाइल फोन, सोशल मीडिया गतिविधियों और उसकी करीबी सहेलियों से मिली जानकारी को खंगाला। इस दौरान पुलिस को पता चला कि गांव में नल-जल योजना के काम के लिए आए नशरूल आलम से नाबालिग की बातचीत होती थी। पुलिस ने आरोपी की पहचान नशरूल आलम (22) निवासी मोहम्मदपुर स्कूलटोला, थाना किशनगंज, जिला किशनगंज, बिहार के रूप में की।
फोन पर बातचीत के दौरान सुनाई दी ट्रेन की आवाज
पुलिस ने आरोपी का मोबाइल नंबर हासिल कर उससे संपर्क किया। पूछताछ के दौरान वह पुलिस को लगातार गुमराह करने की कोशिश करता रहा। इसी बीच फोन पर बातचीत के दौरान पुलिसकर्मियों को पीछे से ट्रेन चलने की आवाज सुनाई दी। इस सुराग के आधार पर पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों की मदद से आरोपी की लोकेशन तलाशनी शुरू की। जांच में उसके ट्रेन से ओडिशा की ओर जाने की जानकारी मिली। इसके बाद पुलिस टीम तत्काल उसकी तलाश में रवाना हो गई।टाटानगर के पास पुलिस ने दबोचा
पुलिस टीम टाटानगर पहुंची, लेकिन वहां जानकारी मिली कि आरोपी और नाबालिग कुछ समय पहले ही वहां से आगे निकल चुके हैं। इसके बाद पुलिस ने दोनों की तलाश जारी रखी। तलाश के दौरान पुलिस टीम को आरोपी और नाबालिग रास्ते में दिखाई दिए। सादी वर्दी में मौजूद थाना प्रभारी ने दोनों को रुकने के लिए कहा। पुलिस को देखते ही आरोपी भागने लगा। थाना प्रभारी और पुलिसकर्मियों ने पीछा कर उसे कुछ दूर दौड़ने के बाद पकड़ लिया। नाबालिग को भी सुरक्षित बरामद कर लिया गया।
पूछताछ में नाबालिग ने बताई पूरी बात
पुलिस के अनुसार, महिला अधिकारी ने नाबालिग से पूछताछ की। उसने बताया कि गांव में काम करने आए नशरूल आलम से उसकी पहचान हुई थी। आरोप है कि नशरूल ने शादी का झांसा देकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए और बाद में उसे अपने साथ लेकर चला गया। पुलिस ने नाबालिग का आवश्यक चिकित्सकीय परीक्षण कराया और बाद में उसे परिजनों के सुपुर्द कर दिया।पॉक्सो एक्ट के तहत भी कार्रवाई
जांच और पूछताछ के आधार पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धारा 87 और 65(1) के साथ पॉक्सो एक्ट की धारा 4 और 6 भी जोड़ी है। पुलिस ने नशरूल आलम को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।

