Robbery Case: राजधानी के कबीर नगर थाना क्षेत्र स्थित हीरापुर में बंद पड़ी अमरनाथ इस्पात फैक्ट्री में सुरक्षाकर्मी को बंधक बनाकर लाखों रूपए की डकैती की वारदात को सुलझाते हुए पुलिस ने तीन आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए बदमाशों ने वारदात को अंजाम देने से पहले करीब एक सप्ताह तक फैक्ट्री की रेकी की थी। पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से लूटा गया सामान और परिवहन में प्रयुक्त वाहन समेत कुल 17 लाख रूपए की संपत्ति बरामद की है। पुलिस के अनुसार, अमरनाथ इस्पात फैक्ट्री वर्ष 2020 से बंद पड़ी है, जहां दिलीप कुमार वर्मा बतौर सुरक्षाकर्मी तैनात हैं।
22 अक्टूबर की दरमियानी रात करीब डेढ़ बजे बाउंड्रीवाल के अंधेरे हिस्से से संदिग्ध को आता देख उसने ललकार लगाई। चेहरे पर कपड़ा बांधे सात से आठ अन्य बदमाश भीतर दाखिल हो गए। उन्होंने गार्ड को बंधक बनाया। तांबे-एल्युमिनियम के तार, कॉपर क्वाइल, प्लेट्स, पैनल कार्ड और नकदी समेटकर फरार हो गए।
एक सप्ताह तक फैक्ट्री की करते रहे रेकी
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। वारदात की गंभीरता को देखते हुए एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट (ACCU) और कबीर नगर पुलिस की संयुक्त टीम बनाई गई। टीम ने घटनास्थल और आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। इसके साथ ही संदिग्धों के आने-जाने के रास्तों का तकनीकी विश्लेषण किया गया। जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि आरोपितों ने वारदात से पहले करीब एक सप्ताह तक फैक्ट्री की रेकी की थी। मुखबिरों से मिली जानकारी और पुराने आपराधिक रिकॉर्ड की पड़ताल के बाद सरोना स्थित बीएसयूपी कॉलोनी निवासी संदीप नेताम (35) पर संदेह गहराया। उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जिसके बाद मामले में अन्य आरोपितों की भूमिका भी सामने आई।संदीप की निशानदेही पर दो साथी गिरफ्तार
पुलिस ने संदीप नेताम की निशानदेही पर अजीत भारती (30) और उमेंद्र ठाकुर उर्फ उमेन (27) को भी गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, तीनों आरोपितों का पहले से आपराधिक रिकॉर्ड रहा है। संदीप मारपीट और चोरी, उमेंद्र नकबजनी, जबकि अजीत प्रतिबंधात्मक मामलों में पहले भी जेल जा चुका है। पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से लूटा गया सामान और वारदात में इस्तेमाल किए गए वाहन बरामद किए हैं। बरामद संपत्ति की कुल कीमत करीब 17 लाख रुपए बताई गई है। मामले में शामिल अन्य आरोपित अभी फरार हैं। पुलिस उनकी पहचान कर गिरफ्तारी के प्रयास कर रही है।






