Symphony Share Price: एयर कूलर बनाने वाली मल्टीबैगर कंपनी सिम्फनी लिमिटेड (Symphony Limited) के शेयरों में मंगलवार को तेज खरीदारी देखने को मिली। कंपनी के शेयर BSE पर 13 प्रतिशत से ज्यादा की तेजी के साथ ₹652.25 रुपए के स्तर तक पहुंच गए। शेयरों में आई इस तेजी के पीछे कंपनी की नई कारोबारी रणनीति और प्रोडक्ट विस्तार की योजना को अहम कारण माना जा रहा है। सिम्फनी अब अपने मौजूदा एयर कूलर कारोबार के साथ नए सेगमेंट में कदम बढ़ाने की तैयारी कर रही है। कंपनी चरणबद्ध तरीके से रूम एयर कंडीशनर, BLDC सीलिंग फैन और एयर प्यूरीफायर जैसे उत्पाद बाजार में उतारने की योजना बना रही है। इन नए प्रोडक्ट्स की बिक्री दिसंबर 2026 तिमाही से शुरू होने की उम्मीद है।
फाउंडर प्रमोटर कर्मचारियों को देंगे ₹20 करोड़ के शेयर गिफ्ट
सिम्फनी लिमिटेड के फाउंडर प्रमोटर और चेयरमैन एवं मैनेजिंग डायरेक्टर अचल अनिल बेकरी ने कंपनी के कर्मचारियों के लिए एक खास पहल की घोषणा की है। उन्होंने कंपनी से जुड़े लोगों के योगदान के सम्मान में अपने निजी शेयरों में से कर्मचारियों के परिवारों को शेयर गिफ्ट करने का फैसला किया है। इसके तहत करीब 3,43,000 शेयर गिफ्ट किए जाएंगे, जो कंपनी की कुल इक्विटी शेयर कैपिटल का लगभग 0.5 प्रतिशत हिस्सा है। मौजूदा बाजार भाव के हिसाब से इन शेयरों की कीमत करीब 20 करोड़ रुपए बताई जा रही है।
चार साल में चरणबद्ध तरीके से होंगे शेयर ट्रांसफर
अचल अनिल बेकरी अपनी व्यक्तिगत हिस्सेदारी से ये शेयर कर्मचारियों के परिवारों को ट्रांसफर करेंगे। यह प्रक्रिया एक साथ नहीं बल्कि अगले चार वर्षों में चरणबद्ध तरीके से पूरी की जाएगी। इन शेयरों का लाभ कर्मचारियों के करीबी परिजनों को मिलेगा। इसमें कर्मचारियों के जीवनसाथी, माता-पिता और अन्य करीबी रिश्तेदार शामिल होंगे। कंपनी की ओर से इसे कर्मचारियों के प्रति विश्वास और जुड़ाव बढ़ाने वाली पहल के रूप में देखा जा रहा है।20 साल में 50,000% से ज्यादा बढ़ा सिम्फनी का शेयर
सिम्फनी लिमिटेड के शेयरों ने लंबे समय में निवेशकों को शानदार रिटर्न दिया है। आंकड़ों के मुताबिक, पिछले करीब 20 वर्षों में कंपनी के शेयरों में 50,000 प्रतिशत से ज्यादा की बढ़ोतरी हुई है। 15 सितंबर 2006 को कंपनी के शेयर की कीमत करीब ₹1.25 रुपए थी, जो 8 सितंबर 2026 को बढ़कर ₹652.25 रुपए तक पहुंच गई। हालांकि, हाल के वर्षों में शेयर पर दबाव भी देखने को मिला है। पिछले पांच साल में सिम्फनी के शेयरों में करीब 33 प्रतिशत से ज्यादा की गिरावट आई है, जबकि एक साल में शेयर करीब 27 प्रतिशत टूटे हैं। कंपनी का 52 हफ्तों का उच्चतम स्तर ₹967.50 रुपए और न्यूनतम स्तर ₹564 रुपए रहा है।
कंपनी कर चुकी है शेयर स्प्लिट और बोनस शेयर का ऐलान
सिम्फनी लिमिटेड अपने निवेशकों के लिए पहले भी कई कॉर्पोरेट फैसले ले चुकी है। कंपनी ने फरवरी 2012 में अपने शेयरों का स्टॉक स्प्लिट किया था। उस समय कंपनी ने 10 रुपए फेस वैल्यू वाले एक शेयर को 2 रुपए फेस वैल्यू वाले पांच शेयरों में बांट दिया था। इसके अलावा, कंपनी ने सितंबर 2016 में निवेशकों को बोनस शेयर भी जारी किए थे। कंपनी ने 1:1 के अनुपात में बोनस शेयर दिए थे, यानी निवेशकों को हर एक शेयर के बदले एक अतिरिक्त बोनस शेयर मिला था।

