Trending Mirror Bangles: त्योहारों का मौसम आते ही महिलाओं के बीच ट्रेडिशनल आउटफिट्स और ज्वेलरी को लेकर उत्साह बढ़ जाता है। साड़ी हो, सूट या लहंगा, चूड़ियां हर देसी लुक का अहम हिस्सा मानी जाती हैं। इस बार बाजार में शीशों से सजी चूड़ियों और कंगनों के कई आकर्षक डिजाइन देखने को मिल रहे हैं, जो साधारण आउटफिट में भी फेस्टिव टच जोड़ सकते हैं।
अगर आप भी इस फेस्टिव सीजन के लिए नई चूड़ियां खरीदने की तैयारी कर रही हैं, तो मिरर वर्क वाले ये डिजाइन आपके कलेक्शन का हिस्सा बन सकते हैं। इनकी खासियत यह है कि छोटे-बड़े शीशों की चमक लुक को ज्यादा भारी किए बिना उसे खास बना देती है।
फ्लोरल मिरर डिजाइन
शादी या किसी फैमिली फंक्शन के लिए फ्लोरल पैटर्न वाली मिरर चूड़ियां एक अच्छा विकल्प हो सकती हैं। इसमें गोल आकार के शीशों को सुनहरे स्टोन के साथ सजाकर फूलों जैसा डिजाइन तैयार किया गया है। डिजाइन में चमक होने के बावजूद इसका लुक काफी सॉफ्ट और एलिगेंट नजर आता है। ऐसी चूड़ियों को सफेद, सिल्वर, पेस्टल या हल्के रंग के आउटफिट के साथ पहना जा सकता है।

मिरर और घुंघरू वाला चौड़ा कंगन
अगर आपको पतली चूड़ियों की जगह चौड़े कंगन पहनना पसंद है, तो मिरर और घुंघरू वाला यह डिजाइन ट्राई किया जा सकता है। इसमें बड़े गोल शीशों के आसपास छोटे-छोटे घुंघरू लगाए गए हैं, जो कंगन को ट्रेडिशनल और थोड़ा हैवी लुक देते हैं।साड़ी, अनारकली सूट या लहंगे के साथ इस तरह का कंगन फेस्टिव स्टाइल को और निखार सकता है। खास बात यह है कि इसे अलग से ज्यादा चूड़ियां पहनने की जरूरत भी नहीं पड़ती।

पर्ल और रंगीन फ्लोरल डिटेलिंग
अगर आप अपने फेस्टिव लुक में थोड़ा रंग और चमक दोनों चाहती हैं, तो पर्ल और मल्टीकलर फ्लोरल डिजाइन वाली चूड़ियां पसंद आ सकती हैं। इसमें अलग-अलग आकार के शीशों के साथ मोतियों और रंग-बिरंगे फूलों की डिटेलिंग की गई है। चूड़ियों के नीचे लगी छोटी झुमका स्टाइल लटकन इसे और आकर्षक बनाती है।

ग्रीन मिरर वर्क चूड़ी सेट
अगर आपको पारंपरिक और रॉयल लुक पसंद है, तो हरे रंग का मिरर वर्क चूड़ी सेट एक अच्छा चुनाव हो सकता है। हरे धागे से तैयार इन चूड़ियों पर गोटा वर्क, गोल्डन बॉर्डर और चौकोर शीशों की सजावट की गई है। जगह-जगह लगे छोटे घुंघरू और सुनहरे मोती इसके डिजाइन को और खूबसूरत बनाते हैं।


