Elephant Alert: महासमुंद में दतैल हाथी की दस्तक, कई गांवों में हाई अलर्ट
Elephant Alert: महासमुंद जिले में एक दतैल हाथी की संभावित आमद को लेकर वन विभाग ने कई गांवों में अलर्ट जारी किया है। ग्रामीणों से रात के समय सतर्क रहने और हाथी से दूरी बनाए रखने की अपील की गई है।
Elephant Alert: गरियाबंद और महासमुंद जिले के सीमावर्ती इलाकों में एक अकेले (दंतैल) हाथी की मौजूदगी से वन विभाग और स्थानीय प्रशासन सतर्क हो गया है। गुरुवार (1 अक्टूबर) को मिली जानकारी के मुताबिक, कक्ष क्रमांक 35 के रास्ते यह हाथी फिलहाल
सुख नदी के इलाके की तरफ आगे बढ़ रहा है। हाथी के मूवमेंट को देखते हुए आसपास के गांवों में विशेष सावधानी बरतने की हिदायत दी गई है।
इन गांवों के ग्रामीणों को सतर्क रहने की सलाह
हाथी की गतिविधि को देखते हुए वन विभाग ने सरकड़ा, नागझर, सोरिद, करपी, लोहझर, बनगंवा, तरजुंगा, गुण्डरदेही, बम्हनदेही और नाचनबाय के ग्रामीणों को अलर्ट पर रखा है। लोगों से अपील की गई है कि वे देर रात बेवजह घरों से बाहर न निकलें और खेतों या जंगली रास्तों की तरफ जाने से बचें।
महासमुंद जिले में प्रवेश की संभावना
आशंका जताई जा रही है कि आज रात यह हाथी गरियाबंद वन मंडल और फिंगेश्वर रेंज के रास्ते से होते हुए महासमुंद जिले की सीमा में दाखिल हो सकता है। हाथी के संभावित मार्ग को देखते हुए महासमुंद के धनसुली, जिवतरा, कोना, बकमा, खट्टी, केशवा और बोरियझर गांवों में भी हाई अलर्ट जारी कर दिया गया है। वन विभाग की टीम हाथी की गतिविधियों पर लगातार नजर बनाए हुए है। ग्रामीणों से गुजारिश की गई है कि अगर किसी को हाथी की लोकेशन या कोई हलचल दिखे, तो तुरंत वन अमले या स्थानीय पंचायत प्रतिनिधियों को इसकी सूचना दें और खुद किसी तरह की कोई जोखिम न उठाएं।