Mahasamund News: मध्यप्रदेश के पचमढ़ी स्थित नेशनल एडवेंचर इंस्टीट्यूट में आयोजित पांच दिवसीय पर्वतारोहण, व्यक्तित्व विकास एवं आपदा प्रबंधन शिविर में हिस्सा लेकर महासमुंद जिले की 53 सदस्यीय टीम सकुशल वापस लौट आई है। टीम की वापसी पर भारत स्काउट्स एवं गाइड्स छत्तीसगढ़ जिला संघ महासमुंद ने सभी प्रतिभागियों को बधाई दी और शिविर में उनके साहसिक व सांस्कृतिक प्रदर्शन की सराहना की। स्कूल शिक्षा विभाग छत्तीसगढ़ शासन के वित्तीय अनुदान से आयोजित इस शिविर के लिए टीम को जिला शिक्षा अधिकारी बीएल देवांगन के मार्गदर्शन में तैयार किया गया था। जिला प्रभारी रोहित शर्मा, विजय कुमार सिन्हा, अर्चना शर्मा एवं इंदु पटेल के नेतृत्व में प्रतिभागियों को 22 अक्टूबर को रवाना किया गया। इस दौरान राज्य मुख्य आयुक्त इंदरजीत सिंह खालसा, जिला अध्यक्ष एतराम साहू और उपाध्यक्ष आनंद साहू ने प्रतिभागियों को किट प्रदान कर हरी झंडी दिखाकर रवाना किया था।
जिले के अलग-अलग क्षेत्रों से शामिल हुए प्रतिभागी
जिला प्रभारी रोहित शर्मा के अनुसार, शिविर में सरायपाली से 10, पिथौरा से 12, बसना से 8, बागबाहरा से 8 और महासमुंद से 8 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। इनके अलावा 4 प्रभारी और 3 सर्विस रेंजर भी टीम में शामिल थे। इस तरह जिले से कुल 53 सदस्य शिविर में पहुंचे थे।
ट्रैकिंग के साथ सीखे आपदा प्रबंधन के गुर
शिविर के दौरान प्रतिभागियों ने ट्रैकिंग के साथ रॉक क्लाइंबिंग, वैली क्रॉसिंग, तीरंदाजी, घुड़सवारी और बोटिंग जैसी कई साहसिक गतिविधियों में हिस्सा लिया। प्रकृति के बीच रहकर उन्होंने पचमढ़ी के प्राकृतिक सौंदर्य को करीब से जाना। प्रतिभागियों को प्रतिदिन 5 से 10 किलोमीटर तक पैदल चलकर अलग-अलग स्थानों तक पहुंचना पड़ता था। इस दौरान उन्हें आपदा प्रबंधन का व्यावहारिक प्रशिक्षण भी दिया गया। बाढ़ में फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने से लेकर गहरी खाई में गिरे व्यक्ति का रेस्क्यू करने तक की तकनीक सिखाई गई। जोखिम भरी इन गतिविधियों के जरिए प्रतिभागियों ने साहस, आत्मविश्वास और टीम भावना का अनुभव किया।
पचमढ़ी के प्रसिद्ध पर्यटन स्थलों का किया भ्रमण
शिविर के दौरान टीम ने पचमढ़ी के कई प्रसिद्ध दर्शनीय स्थलों का भ्रमण भी किया। इनमें जटाशंकर, पांडव गुफा, राजेंद्र गिरी, हांडी खो, बी फॉल और बायसन लॉज प्रमुख रहे। इन स्थलों के भ्रमण के दौरान प्रतिभागियों को प्राकृतिक वातावरण और स्थानीय पर्यटन से रूबरू होने का अवसर मिला।
जिला संघ ने दी पूरी टीम को बधाई
शिविर से सकुशल लौटने पर भारत स्काउट्स एवं गाइड्स छत्तीसगढ़ के राज्य मुख्य आयुक्त इंदरजीत सिंह खालसा, जिला शिक्षा अधिकारी एवं पदेन जिला आयुक्त बीएल देवांगन, राज्य मुख्यालय आयुक्त बबलू सोनी, सुधा साहू, जिला अध्यक्ष एतराम साहू, जिला मुख्य आयुक्त प्रलय थिटे, उपाध्यक्ष आनंद साहू, जिला आयुक्त गाइड अमी रूफस, जिला संगठन आयुक्त शत्रुहन साहू, जिला संगठन आयुक्त गाइड लीनू चंद्राकर, रोवर लीडर कमलेश साहू और एलटी गिरीश पाढ़ी सहित अन्य पदाधिकारियों ने सभी प्रतिभागियों को बधाई दी।
जिला संघ ने कहा कि इस तरह के साहसिक शिविर विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और आपात परिस्थितियों से निपटने का हुनर विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।







