Methi Paratha Recipe: सर्दियों का मौसम शुरू होते ही सुबह के नाश्ते में गर्मागर्म पराठों की मांग बढ़ जाती है। ज्यादातर घरों में आलू, गोभी या मूली के पराठे ही बार-बार बनते हैं। अगर आप वही रोज़-रोज़ का स्वाद खाकर बोर हो चुके हैं और कुछ नया व क्रिस्पी ट्राय करना चाहते हैं, तो मक्का-मेथी का पराठा बेहतरीन विकल्प है। मक्के की सोंधी खुशबू और ताजी मेथी का कड़वा-मीठा स्वाद मिलकर इसे बेहद खास बना देता है। इसके अलावा इसमें डलने वाली अजवाइन न सिर्फ पराठे का जायका बढ़ाती है, बल्कि पाचन के लिए भी बहुत अच्छी मानी जाती है। आइए जानते हैं इसे बनाने का सबसे आसान तरीका।
आवश्यक सामग्री
- मक्के का आटा: 1 कप
- ताजी मेथी (बारीक कटी हुई): 1 कप
- अजवाइन: ½ छोटा चम्मच
- लाल मिर्च पाउडर: स्वादानुसार
- नमक: स्वादानुसार
- गुनगुना पानी: आटा गूंधने के लिए
- तेल या देसी घी: पराठा सेकने के लिए
बनाने की आसान विधि
- आटा तैयार करें: एक चौड़े बर्तन (परात) में मक्के का आटा और बारीक कटी हुई मेथी निकाल लें। अब इसमें स्वादानुसार नमक, लाल मिर्च और अजवाइन डालकर अच्छी तरह मिला लें। इसके बाद थोड़ा-थोड़ा गुनगुना पानी डालते हुए आटा गूंध लें। ध्यान रखें कि मक्के के आटे में लचकीलापन (Gluten) नहीं होता, इसलिए इसे थोड़ा मसल-मसल कर ही इकट्ठा करें।
- पराठा बेलने की सही ट्रिक: गूंधे हुए आटे से मीडियम साइज की लोइयां तैयार करें। मक्के की लोई बेलते समय टूटने लगती है, इसलिए इसे आसानी से बेलने के लिए किसी साफ पॉलीथिन/प्लास्टिक शीट या बटर पेपर का इस्तेमाल करें। लोई को प्लास्टिक शीट के बीच रखें और हाथों से थपथपाकर या हल्के हाथों से बेलकर गोल आकार दें।
- तवे पर सेकें: तवे को मध्यम आंच पर गरम करें और उस पर हल्का-सा घी या तेल लगाएं। अब तैयार पराठे को ध्यान से तवे पर डालें। जब एक तरफ से हल्का सा सिक जाए, तो इसे पलट दें। दोनों तरफ घी या तेल लगाकर मध्यम आंच पर तब तक सेकें, जब तक कि इस पर सुनहरे चकत्ते न आ जाएं और यह कुरकुरा न हो जाए।
- गरमागरम परोसें: जब पराठा दोनों तरफ से सुनहरा और कुरकुरा हो जाए, तो उसे तवे से उतार लें। इसी तरह बाकी पराठे भी तैयार कर लें। अब इन्हें गर्मागर्म दही, सफेद मक्खन, अचार या हरी चटनी के साथ परोसें।







